Yogi ki Pati: 'ज्ञान को कौशल में बदलकर संवारें भविष्य...', भगत सिंह की जयंती पर सीएम का युवाओं को संदेश
Yogi ki Pati: मुख्यमंत्री योगी ने शहीद भगत सिंह की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए लिखा कि मात्र 23 वर्ष की उम्र में देश के लिए अपना सब कुछ न्योछावर करने वाले भगत सिंह के अदम्य साहस, राष्ट्रनिष्ठा और बहुभाषी ज्ञान से युवाओं को सीख लेनी चाहिए. सीएम ने युवाओं से जाति-पांति, नशाखोरी और सामाजिक कुरीतियों को छोड़कर राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि रखने तथा सीखने की ललक हमेशा जीवित रखने की अपील की.
Yogi Ki Pati/ विशाल रघुवंशी: अमर शहीद भगत सिंह की जयंती पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के युवाओं के नाम खास पाती जारी की है. इसमें उन्होंने युवाओं से राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि रखते हुए शहीद भगत सिंह के अदम्य साहस, राष्ट्रनिष्ठा और विचारों से प्रेरणा लेने की अपील की है. मुख्यमंत्री ने लिखा कि मात्र 23 वर्ष की अल्पायु में मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले भगत सिंह का जीवन हर भारतवासी को राष्ट्र के प्रति समर्पण की सीख देता है.
सामाजिक बुराइयों से मुक्ति और सीखने की ललक
सीएम योगी ने युवाओं का आह्वान किया कि वे जाति-पाति, नशा और अन्य सामाजिक बुराइयों से मुक्त होकर एक सशक्त समाज के निर्माण में आगे आएं. उन्होंने जिक्र किया कि भगत सिंह हिंदी, उर्दू, पंजाबी और अंग्रेजी समेत कई भाषाओं के विद्वान थे. उनके जीवन से हमें ज्ञान को अपनी सबसे बड़ी शक्ति बनाने और सीखने की ललक को सदैव जीवित रखने की प्रेरणा मिलती है. सीएम ने कहा कि जब ज्ञान कौशल से जुड़ता है, तो युवा अपनी प्रतिभा को सामर्थ्य में बदलकर अपने सपनों को साकार कर सकता है.
युवाओं के लिए सरकारी योजनाएं और अवसर
राज्य सरकार युवाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए पूर्ण सहयोग दे रही है:
निःशुल्क कोचिंग: 'मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना' के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए फ्री मार्गदर्शन दिया जा रहा है.
उद्यमिता व स्वरोजगार: 'मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान' के जरिए नए उद्यम स्थापित करने और रोजगार सृजन को मजबूत आधार दिया जा रहा है.
नवाचार: 'स्टार्टअप नीति' के तहत युवाओं की नई सोच और उद्यमशीलता को प्रोत्साहन सरकार दे रही है.
पुस्तकों को बनाएं मित्र, हर जिले में डिजिटल लाइब्रेरी
मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की है कि वे प्रदेश में उपलब्ध ज्ञान के साधनों का अधिक से अधिक सदुपयोग करें. उन्होंने बताया कि प्रदेश के हर जनपद में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर आधुनिक पुस्तकालय और डिजिटल लाइब्रेरी बनाई जा रही हैं. सीएम ने कहा कि पुस्तकों को अपना मित्र बनाएं, प्रश्न पूछें, नए विचारों को जानें और अपनी जिज्ञासा को निरंतर जीवित रखें. एक पुस्तक किसी युवा के जीवन में नया विचार ला सकती है और एक नया विचार पूरे समाज को नई दिशा दे सकता है.
अंत में सीएम योगी ने युवाओं से 'ज्ञान को कौशल, कौशल को संकल्प और संकल्प को कर्म से' जोड़ने की अपील करते हुए एक ज्ञानवान, संस्कारवान और सामर्थ्यवान उत्तर प्रदेश के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.