App

दवा के लिए पैसे मांगे, पति से विवाद के बाद गंगा में कूदी महिला; 14 घंटे तेज धार में बहकर 40 km दूर मिली

Mirzapur News: पति से दवा के लिए रुपये मांगने के बाद हुए विवाद से आहत 38 वर्षीय महिला ने गंगा में छलांग लगा दी। करीब 14 घंटे तक तेज धार में बहने के बाद वह 35-40 किलोमीटर दूर चुनार पहुंच गई, जहां तीन मल्लाहों ने उसे नदी से बाहर निकालकर उसकी जान बचाई.

दवा के लिए पैसे मांगे, पति से विवाद के बाद गंगा में कूदी महिला; 14 घंटे तेज धार में बहकर 40 km दूर मिली
Image Credit: Mirzapur News

मीरजापुर: पति से दवा के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद गंगा में छलांग लगाने वाली 38 साल की महिला को करीब 14 घंटे बाद सकुशल बचा लिया गया.  महिला गंगा की तेज धार में बहते हुए लगभग 35 से 40 किलोमीटर दूर चुनार पहुंच गई. बुधवार सुबह चुनार पक्का पुल के पास मछली पकड़ रहे तीन मल्लाहों की नजर बहती हुई महिला पर पड़ी. उन्होंने तत्काल उसे नदी से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार कराया. होश में आने के बाद महिला को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.

क्या है पूरा मामला?
मामला कटरा कोतवाली क्षेत्र के लोहिया तालाब छोटी बसही का है. यहां रहने वाली सुनीता देवी के पति सूरज माली निषाद गुजरात में काम करते हैं. बताया गया कि मंगलवार शाम पति-पत्नी के बीच दवा के लिए रुपये मांगने को लेकर विवाद हुआ था.  इसके बाद सुनीता घर से निकलकर शास्त्री पुल पहुंची और गंगा नदी में छलांग लगा दी.

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से महिला की तलाश शुरू कराई. देर शाम तक खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चल सका. अंधेरा होने के कारण रात में अभियान रोकना पड़ा. बुधवार सुबह पुलिस ने दोबारा तलाश शुरू की और एनडीआरएफ की टीम को भी लगाया गया।

इसी बीच सुबह करीब आठ बजे महिला के चुनार में मिलने की सूचना पुलिस को मिली. चुनार पक्का पुल के पास मछली पकड़ रहे मल्लाह रामबाबू, गणेश और रंजित ने महिला को नदी की धारा में बहते देखा. तीनों ने तुरंत नदी में उतरकर उसे बाहर निकाला. नदी से निकालने के बाद महिला को होश आया. मल्लाहों ने उसे अपने घर ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया और पुलिस व परिजनों को सूचना दी.

पति पर लगाए रुपये नहीं देने के आरोप
सुनीता ने बताया कि उसके तीन बेटे और एक बेटी हैं. उसका पति गुजरात में रहकर काम करता है और घर के लिए मुख्य रूप से राशन का पैसा भेजता था. मंगलवार को बुखार आने पर उसने दवा खरीदने के लिए रुपये मांगे थे. आरोप है कि रुपये भेजने के बजाय पति ने नाराज होकर उसे कथित तौर पर 'मर जाओ' कह दिया और फोन बंद कर लिया. इसके बाद वह घर से निकल गई और शास्त्री पुल से गंगा में छलांग लगा दी. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महिला ने बताया कि गंगा की धारा में बहते हुए वह कब चुनार पहुंच गई, उसे इसकी जानकारी नहीं है. बाद में मायके से पहुंचे परिजन उसे अपने साथ ले गए.

पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस ने बताया कि महिला के गंगा में कूदने की सूचना के बाद पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने तलाश की थी. बुधवार सुबह उसके चुनार में सुरक्षित मिलने की जानकारी मिली.महिला स्वस्थ है और परिजन उसे अपने साथ ले गए हैं.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More