बरेली में बीजेपी को लगा झटका, अब क्या करेगी पार्टी, जानें कौन हैं धर्मेंद कश्यप जिसने बढ़ा दी टेंशन
Who is Dharmendra Kashyap: बरेली के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सियासी घमासान मचा दिया है. उन्होंने बीजेपी छोड़ने का ऐलान कर दिया है.
Who is Dharmendra Kashyap: यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी गहमागहमी शुरू हो गई है. बरेली के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप बगावत के संकेत दे दिए हैं. धर्मेंद्र कश्यप ने बीजेपी छोड़ने का ऐलान कर दिया है. उनके सपा में जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर बीजेपी छोड़ने की जानकारी साझा की है. आइये जानते हैं बीजेपी से बगावत पर उतरे धर्मेंद्र कश्यप कौन हैं?.
टाटा बॉय बॉय लिखा
भाजपा के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने फेसबुक पर लिखा है, टाटा बॉय बॉय. सोशल मीडिया पर उनका दर्द छलका है. उन्होंने कहा कि जिन्होंने मुझे चुनाव हराया उनको सम्मान मिल रहा है. कार्यकर्ताओं की आवाज पर नए दल का दामन थामेंगे. उनकी घोषणा के बाद सियासी गलियारों में अटकलों का दौर शुरू हो गया है. माना जा रहा है कि वह सपा में जा सकते हैं. फिलहाल इसकी आधिकारिक सूचना नहीं है. वहीं, उनके ऐलान के बाद पूर्व सांसद के घर के बाहर समर्थकों की भीड़ जुट गई है.
कौन हैं पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप?
धर्मेंद्र कश्यप बरेली के कंधारपुर के रहने वाले हैं. उनका जन्म 1 जून 1968 को हुआ है. उनके पिता का नाम महेंद्र पाल है. उनकी पत्नी का नाम सरोज कश्यप है. धर्मेंद्र और सरोज को दो बेटियां हैं. धर्मेंद्र ने राजनीतिक करियर की शुरुआत बसपा से की थी. 2002 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने पहली बार बसपा के टिकट से बरेली की बिथरी चैनपुर सीट से अपनी किस्मत आजमाई थी. वह जीतकर विधानसभा पहुंचे थे. इसके बाद उनका सियासी कद बढ़ता गया.
दो बार सांसद रहे, 2024 का चुनाव हारे
2007 के विधानसभा चुनाव में वह सपा में चले गए और दूसरी बार विधायक बने. सपा सरकार में वह दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री भी रहे. साल 2013 में वह सपा छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया. 2014 और 2019 में आवंला सीट से दो बार सांसद रहे. रुहेलखंड के बरेली, आंवला, बदायूं और पीलीभीत क्षेत्र में कश्यप, बिंद, मल्लाह और निषाद समाज में उनकी अच्छी पकड़ है. 2024 में चुनाव हारने के बाद वह राज्यसभा जाना चाह रहे थे. पिछले दिनों ही बीजेपी ने 8 सीटों के लिए राज्यसभा उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की. उसमें उनका नाम नहीं था.
राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने की थी चाह
बीजेपी ने बरेली से ही दो उम्मीदवार बनाए हैं. धर्मपाल सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री व वर्तमान में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार की बेटी श्रुति गंगवार को प्रत्याशी बनाया है. बीजेपी की लिस्ट के बाद ही नाम गायब होने पर बगावत पर उतर आए. माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में वह घर वापसी कर सकते हैं. चर्चा ये भी है कि धर्मेंद्र कश्यप 2027 के विधानसभा चुनाव में अपनी बेटी को उतारना चाह रहे हैं.