SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Varanasi Encounter: वाराणसी में UP ATS की बड़ी कार्रवाई, 30 लाख का इनामी खूंखार नक्सली कमांडर बृजेश गंझू एनकाउंटर में ढेर

Varanasi Encounter: वाराणसी में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है. रामनगर में UP ATS और पुलिस मुठभेड़ में 30 लाख का इनामी नक्सली कमांडर बृजेश गंझू मारा गया. एनकाउंटर के दौरान एटीएस अफसरों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोलियां लगीं

Edited By Preeti Chauhan
Published: Sep 20, 2026, 07:52 AM IST | Updated: Sep 20, 2026, 08:23 AM IST
Image Credit: Varanasi ATS Encounter
Join

जयपाल/Varanasi Encounter: उत्तर प्रदेश पुलिस की आतंकवाद निरोधक दस्ता (UP ATS) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम को वाराणसी में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. रामनगर थाना क्षेत्र के लंका मैदान के पास हुई भीषण मुठभेड़ में 30 लाख रुपये का इनामी कुख्यात नक्सली कमांडर बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता (Brijesh Ganjhu alias Gopal Singh Bhokta)  मारा गया है. मारा गया नक्सली प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन 'तृतीय प्रस्तुति कमेटी' (TPC) का शीर्ष कमांडर था.

मुगलसराय भागने की फिराक में था नक्सली कमांडर गंझू
सुरक्षा एजेंसियों को सटीक इनपुट मिला था कि कुख्यात नक्सली कमांडर वाराणसी के टेंगरा मोड़ से रामनगर होते हुए मुगलसराय (चंदौली) की तरफ भागने की फिराक में है. इस सूचना पर यूपी एटीएस और वाराणसी पुलिस की टीम ने इलाके की घेराबंदी की.  रामनगर के लंका मैदान के पास जब बाइक सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, तो उसने मोटरसाइकिल से कूदकर पुलिस टीम पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं.

बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं गोलियां, बाल-बाल बचे अधिकारी
नक्सलियों की ओर से अचानक हुई फायरिंग में बदमाशों की गोली यूपी एटीएस के डिप्टी एसपी विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण की बुलेटप्रूफ जैकेट पर जा लगी. बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने की वजह से दोनों अधिकारियों की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया. एटीएस और पुलिस टीम ने त्वरित जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला और आत्मरक्षार्थ गोलियां चलाईं.

अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से नक्सली बृजेश गंझू गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल निकटतम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मृत नक्सली की पहचान बृजेश गंझू (पुत्र पंचू गंझू), निवासी ग्राम लूटू, थाना लवलंग, जिला चतरा (झारखंड) के रूप में हुई है.

30 लाख रुपये का था इनाम, साथी की तलाश जारी
बृजेश गंझू पर झारखंड सरकार (Jharkhand Government) की ओर से 25 लाख रुपये और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की ओर से 5 लाख रुपये यानी कुल 30 लाख रुपये का इनाम घोषित था. मुठभेड़ के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर उसका एक अन्य साथी मौके से फरार हो गया.  एटीएस और पुलिस बल ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और फरार नक्सली की गिरफ्तारी के लिए व्यापक सघन चेकिंग व कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है. पुलिस ने मुठभेड़ के बाद साक्ष्यों को जुटाना शुरू कर दिया है. पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES