Varanasi News: वाराणसी में भोजपुरी स्टार रितेश पांडेय को जान से मारने की धमकी, 10 लाख की रंगदारी मांगी; केस दर्ज
Ritesh Pandey Death Threat: वाराणसी में भोजपुरी गायक और अभिनेता रितेश पांडेय को जान से मारने की धमकी मिली है. बुलबुल यादव नामक शख्स पर 10 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप है. सारनाथ थाने में केस दर्ज.
जयपाल/Varanasi News: उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी वाराणसी से एक बड़ी खबर सामने आई है. प्रसिद्ध भोजपुरी गायक और अभिनेता रितेश पांडेय को जान से मारने की धमकी दी गई है. आरोपियों ने उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की है और पैसे न देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है. इस घटना के बाद से अभिनेता और उनका परिवार किसी अनहोनी की आशंका से बेहद डरा हुआ है. मामले की शिकायत मिलने के बाद वाराणसी की सारनाथ थाना पुलिस ने नामजद एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
क्या है पूरा मामला?
भोजपुरी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता और गायक रितेश पांडेय वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र स्थित तिलमापुर के निवासी हैं. पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 18 सितंबर को रितेश पांडेय को फोन पर अचानक कॉल आई. फोन करने वाले व्यक्ति ने आते ही उनके साथ बदसलूकी और गाली-गलौज शुरू कर दी. इसके बाद उसने सीधे तौर पर 10 लाख रुपये की रंगदारी की मांग रख दी.
'पैसे नहीं दिए तो जान से मारकर फेंक देंगे'
अभिनेता ने जब इस तरह रंगदारी देने से साफ इनकार किया, तो आरोपी उग्र हो गया और उसने उन्हें जान से मारने की सीधी धमकी दे डाली. आरोप है कि आरोपी ने फोन पर कहा कि अगर 10 लाख रुपये का इंतजाम नहीं किया गया, तो वह रितेश पांडेय को जान से मारकर फेंक देगा.
बुलबुल यादव समेत दो पर एफआईआर
इस घटना से सहमे रितेश पांडेय ने 19 सितंबर को वाराणसी के सारनाथ थाने पहुंचकर पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई और एक लिखित तहरीर सौंपी. शिकायत पत्र के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी बुलबुल यादव को नामजद किया है. इसके अलावा, कॉल के दौरान बुलबुल यादव के साथ एक अन्य अज्ञात व्यक्ति भी मौजूद था, जिसने फोन पर गाली-गलौज की और धमकी दी.
पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा पर सवाल
सारनाथ थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की जा रही है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.
पूर्वांचल और भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में इस घटना के बाद से हड़कंप मचा हुआ है. फैंस और स्थानीय लोग अभिनेता की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं. पुलिस प्रशासन ने रितेश पांडेय और उनके परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिया है.