UP Rain Alert: आंधी-वज्रपात और भारी बारिश...यूपी में मौसम काटने वाला है गदर, जानिए गोरखपुर-मेरठ समेत आपके शहर में कैसा रहेगा मिजाज?
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है. आज ज्यादातर जिलों में बारिश अलर्ट है. कई जिलों में आज भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है. प्रदेश में भारी बारिश और आंधी-वज्रपात की चेतावनी को देखते हुए सरकार पूरी तरह अलर्ट है. ऐसे में जानिए आपके शहर में मौसम कैसा रहने वाला है?
UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर जारी है. जिससे कई जगहों पर जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. मौसम विभाग ने 27 सितंबर के लिए प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है, जबकि सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, शाहजहांपुर, खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, गोरखपुर, देवरिया, बस्ती और सिद्धार्थनगर समेत दो दर्जन से अधिक जिलों में 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है.
मौसम विभाग का कहना है कि आज मौसम प्रभावित रहने की संभावना है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है. प्रदेश में भारी बारिश और आंधी-वज्रपात की चेतावनी को देखते हुए सरकार पूरी तरह अलर्ट है.
बलरामपुर और उन्नाव में हादसे, 5 की मौत
बारिश और तेज आंधी ने प्रदेश में खूब तांडव किया. सबसे ज्यादा तबाही बलरामपुर जिले में मचाई है. कई हादसे हुए. यहां पेड़ गिरने से मां-बेटे और एक बुजुर्ग महिला समेत 4 लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इसके अलावा 11 मकान और आवासीय ढांचे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं. वहीं, उन्नाव जिले के आसीवन थाना क्षेत्र के फिरोज नगर रसूलाबाद में एक कच्ची दीवार गिरने से 50 वर्षीय रमेश नाम के व्यक्ति की दबकर मौत हो गई. प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन और राहत कार्य तेजी से जारी है.
शहर-शहर जलभराव, कानपुर में हालात गंभीर
कानपुर में पिछले 38 घंटों से जारी मूसलाधार बारिश के कारण नाले उफान पर हैं. कल्याणपुर और इंदिरा नगर जैसे इलाकों में अंडरग्राउंड नाले ओवरफ्लो होने से पानी सोसायटियों और बहुमंजिला इमारतों में घुसने लगा है. पूर्व राष्ट्रपति के निवास के पास का इलाका जलमग्न हो चुका है, जिससे करीब 2 से 3 हजार की आबादी प्रभावित हुई है.
हरदोई में भी स्थिति काफी गंभीर है. बिलग्राम तहसील में जलभराव का निरीक्षण करने जा रही एडीएम की गाड़ी सड़क किनारे पानी में फंस गई, जिसे स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला.
सरकार अलर्ट, रेड अलर्ट वाले जिलों में स्कूल बंद
प्रदेश में बिगड़े हालात और वज्रपात की आशंका को देखते हुए राज्य सरकार पूरी तरह मुस्तैद है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों को तत्काल अपने-अपने क्षेत्रों का दौरा करने और राहत कार्य का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं. शासन ने स्पष्ट आदेश जारी किया है कि रेड अलर्ट और आकस्मिक बाढ़ की संभावना वाले जिलों में सुरक्षा के लिहाज से सभी स्कूलों को बंद रखा जाए. लखनऊ सहित कई अन्य प्रभावित जिलों में भी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है. प्रशासन ने आम लोगों से बिना जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलने और जर्जर मकानों से दूर रहने की अपील की है.