SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बिना जैकेट पहने बाहर न निकलें! NCR में बारिश से बदला मौसम का मिजाज! कोहरा और गिरता तापमान बढ़ाएगा परेशानी

यूपी में मौसम का मिजाज बदलने लगा है. पश्चिमी यूपी में बारिश की संभावना है. जानिए लखनऊ, मेरठ और पूर्वांचल का मौसम.

Written By Preeti Chauhan
Published: Nov 15, 2026, 05:55 IST | Updated: Nov 15, 2026, 06:01 IST
Image Credit: UP Weather Update today 15 november 2026,
Join

यूपी का मौसम: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. आज सुबह नोएडा और गाजियाबाद में बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को ठंड का एहसास होने लगा. सुबह बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर में मौसम सुहावना हो गया, लेकिन सड़कों पर जलभराव और धीमी ट्रैफिक से लोगों को परेशानी भी हुई. पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश में ठंड बढ़ने लगी है. पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है, जबकि कई शहरों में सुबह के समय घने कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है.

25 शहरों में छाया कोहरा

शनिवार सुबह लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, उन्नाव और संभल समेत करीब 25 शहरों में कोहरा छाया रहा. कई जगह दृश्यता बेहद कम होने से सड़कों पर वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा.

15 नवंबर से नया पश्चिमी विक्षोभ

मौसम विभाग के मुताबिक, 15 नवंबर से उत्तर-पश्चिम भारत को एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित कर सकता है. इसके चलते पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव आने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है. इसके साथ ही तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है.

लखनऊ और उन्नाव में बेहद कम रही दृश्यता

प्रदेश में कोहरे का असर सुबह के समय ज्यादा दिखाई दे रहा है. शनिवार सुबह लखनऊ में सुबह 6 बजे दृश्यता इतनी कम हो गई कि 20 मीटर की दूरी पर भी देखना मुश्किल था. वहीं, उन्नाव में सुबह 8 बजे दृश्यता करीब 10 मीटर दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार, लखनऊ और वाराणसी समेत कई शहरों में अगले दो से तीन दिनों तक सुबह के समय धुंध और कोहरा छाया रह सकता है. इस दौरान दृश्यता घटकर 200 मीटर तक पहुंचने की संभावना है.

पश्चिमी यूपी में बारिश, पूर्वांचल में मौसम रहेगा शुष्क

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 15 नवंबर को कहीं-कहीं हल्की से छिटपुट बारिश हुई. कुछ इलाकों में तेज हवाओं और गरज-चमक की भी संभावना है। हालांकि, 16 से 19 नवंबर के बीच पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहने का अनुमान है. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है.  यहां पूरे सप्ताह मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. हालांकि, सुबह और रात के समय ठंड के साथ धुंध का असर बना रह सकता है.

मेरठ में 14.6 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान

प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. प्रादेशिक मौसम केंद्र, लखनऊ के आंकड़ों के मुताबिक, मेरठ में न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री कम है. शाहजहांपुर में भी न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री के आसपास रहा. इसके अलावा मुजफ्फरनगर में 14.8 डिग्री और इटावा व अयोध्या में 15 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया. दूसरी ओर, झांसी में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

वाहन चालक बरतें सावधानी

सुबह के समय कोहरे और कम दृश्यता को देखते हुए वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. खासकर हाईवे और खुले रास्तों पर सफर करते समय धीमी गति से वाहन चलाएं और फॉग लाइट का इस्तेमाल करें. मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश के किसी भी हिस्से के लिए येलो, ऑरेंज या रेड अलर्ट जारी नहीं किया गया है.

सांसों पर संकट! नोएडा-ग्रेटर नोएडा में दमघोंटू हुई हवा, लोग बेहाल, सेक्टर-62 में गंभीर हालात
 

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES