यूपी में सुबह धुंध, दिन में धूप; स्मॉग से बढ़ी परेशानी, नोएडा-गाजियाबाद में हवा अभी भी खराब, जानें कैसा है मौसम?
यूपी में 13 नवंबर को सुबह धुंध और दिन में धूप का अनुमान है. नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ में प्रदूषण से परेशानी बढ़ी. जानिए लखनऊ, कानपुर, वाराणसी का तापमान.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 13 नवंबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. सुबह के समय कई जिलों में हल्की धुंध और ठंड महसूस हुई, जबकि दिन चढ़ने के साथ धूप निकल आएगी. मौसम विभाग की ओर से फिलहाल बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. लेकिन पश्चिमी यूपी में प्रदूषण से लोगों को राहत नहीं मिल रही है. नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत और मुजफ्फरनगर में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई है.
पश्चिमी यूपी में स्मॉग से सुबह-शाम परेशानी
बात करें पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तो यहां सुबह और शाम के समय स्मॉग ज्यादा महसूस किया जा रहा है. हवा की गति कम होने और नमी बढ़ने से प्रदूषक कण हवा में ही ठहरे हुए हैं. दिन में धूप निकलने के बाद भी प्रदूषण का असर कम नहीं हो रहा है. यही वजह है कि सांस की परेशानी वाले लोगों, बच्चों और बुजुर्गों को सुबह-शाम बाहर निकलने में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है. रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आ रही है, जिससे ठंड का असर भी बढ़ने लगा है.
लखनऊ में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी लखनऊ में सुबह हल्की धुंध छाई हुई है.दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप निकलेगी. बात करें अधिकतम तापमान की तो ये करीब 30 डिग्री के आसपास रहेगा. न्यूनतम तापमान करीब 18 डिग्री के करीब रहेगा. बारिश की संभावना बेहद कम है.
नोएडा, कानपुर और वाराणसी मौसम
नोएडा में सुबह धुंध के साथ दिन की शुरुआत हुई. दोपहर में धुंध के बीच धूप निकलने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. कानपुर और वाराणसी में भी मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. सुबह हल्की ठंड और धुंध महसूस हो सकती है, जबकि दिन में धूप निकलने से तापमान सामान्य बना रहेगा. प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में बारिश को लेकर फिलहाल कोई चेतावनी नहीं है.
क्या बरतें सावधानी?
सुबह की सैर में मास्क का इस्तेमाल करेंअस्थमा /सांस के मरीज दवा साथ रखें. बच्चों और बुजुर्गों को सुबह-शाम स्मॉग में बाहर न भेजें. गाड़ी चलाते समय धुंध में फॉग लाइट का इस्तेमाल करें.