सुबह कुहासा, रात में ठिठुरन: मुरादाबाद में 14 डिग्री पहुंचा पारा, जानिए अगले 7 दिन यूपी में बारिश होगी या नहीं
उत्तर प्रदेश में सुबह और शाम हवा में गुलाबी ठंडक है. अब तक मंगलवार की सुबह मुरादाबाद और हरदोई समेत कई शहरों में सबसे ज्यादा ठंडी रही. मुरादाबाद में रात में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया. जानिए अगले कुछ दिन मौसम कैसा रहेगा?
उत्तर प्रदेश में मौसम तेजी से अपना रंग बदलने लगा है. दिवाली के बीतते ही सुबह और शाम के समय हवा में गुलाबी ठंडक महसूस की जा रही है. पश्चिमी दिशा से आ रही ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई है. इस सीजन की शुरुआत के बाद मंगलवार की सुबह मुरादाबाद और हरदोई समेत कई शहरों में कड़ाके की सर्दी महसूस हुई.
मुरादाबाद में लुढ़का पारा, हरदोई सबसे ठंडा शहर
मौसम विभाग की मानें तो मंगलवार की सुबह मुरादाबाद में इस सीजन की सबसे सर्द सुबह दर्ज की गई. यहां रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम होकर 14°C तक पहुंच गया, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 28°C रिकॉर्ड किया गया. 9 नवंबर को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान हरदोई में 13.5°C दर्ज किया गया. पिछले 24 घंटों में वाराणसी एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी 200 मीटर दर्ज की गई.
पश्चिमी यूपी में छिछला और पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में छिछले से मध्यम स्तर का कोहरा देखा गया. कई जिलों में अचानक सर्दी के बढ़ने से सुबह के समय लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए.
मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी
IMD के अनुसार, पूरे प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम पूरी तरह शुष्क (Dry) बना रहेगा. 11 से 16 नवंबर तक पूरब से पश्चिम उत्तर प्रदेश तक मौसम शुष्क रहेगा और सुबह हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले 7 दिनों तक प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव या अचानक भारी गिरावट देखने को नहीं मिलेगी.
जानें लखनऊ और आसपास का मौसम
लखनऊ और इसके आसपास के इलाकों में मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 11 नवंबर की सुबह हल्का कुहासा रहेगा और बाद में धुंध छाई रहने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान 30°C और न्यूनतम तापमान 17°C के आसपास बने रहने का अनुमान है.
अगले कुछ दिन बारिश के आसार नहीं
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों तक मुरादाबाद, पश्चिमी यूपी और आसपास के इलाकों में रात और सुबह की ठंड का एहसास इसी तरह बना रहेगा. मुरादाबाद में दिन का अधिकतम तापमान 28°C और रात का पारा 14°C के करीब स्थिर रहने के आसार हैं. फिलहाल प्रदेश भर में बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम पूरी तरह साफ बना रहेगा.
यह भी पढ़िए: राजस्थान में फेल हो रही है ठंड की एंट्री: अभी भी 38 डिग्री से झुलस रहा है बाड़मेर, दिन में गर्मी से हाल हो रहा बेहाल