यूपी में ठंड की एंट्री! धनतेरस पर धूप+कोहरा+रात को ठिठुरन, जानिए आपके जिले के मौसम का हाल
धनतेरस के दिन उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी और पूर्वी यूपी में बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. जानिए लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद, कानपुर और वाराणसी समेत प्रदेश में मौसम का हाल.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है. अब सुबह और शाम हल्की ठिठुरन महसूस होने लगी है. गुरुवार सुबह लखनऊ, संभल, श्रावस्ती और देवरिया समेत करीब 10 शहरों में कोहरा छाया रहा, जिससे लोगों को सुबह उठकर ठंड का एहसास हुआ.
धनतेरस पर नहीं होगी बारिश की टेंशन
अच्छी खबर ये है कि धनतेरस यानी 6 नवंबर को मौसम एकदम साफ रहेगा. मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी और पूर्वी यूपी दोनों जगह मौसम शुष्क रहेगा. बारिश या आंधी की कोई चेतावनी नहीं है. यानी जो लोग धनतेरस की खरीदारी के लिए बाजार निकलेंगे, उन्हें बारिश की परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी. आराम से धूप में शॉपिंग कर सकेंगे.
आज यूपी में कैसा रहेगा मौसम?
प्रादेशिक मौसम केंद्र लखनऊ के मुताबिक, 6 नवंबर को पूरे प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहेगा. सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्की धुंध मिल सकती है, लेकिन दिन चढ़ते ही धूप खिल जाएगी. शाम होते ही पारा गिरेगा और ठंड का एहसास बढ़ जाएगा. अगले 2 दिन तक भी प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है. 6 और 7 नवंबर को किसी भी जिले के लिए भारी बारिश की चेतावनी नहीं है.
इन जिलों में बढ़ेगी ठंड
सहारनपुर, बहराइच, हरदोई, फर्रुखाबाद, अमरोहा, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, मेरठ, कानपुर, हमीरपुर, अयोध्या, झांसी, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और ललितपुर समेत कई जिलों में सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होगी.
सबसे ठंडा हरदोई रहा, जहां न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री दर्ज हुआ. वहीं झांसी सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री रिकॉर्ड हुआ. लखनऊ में 30 डिग्री तक जाएगा पारा.राजधानी लखनऊ में आज अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री रहने का अनुमान है. सुबह हल्की धुंध के बाद दिन में धूप निकलेगी. रात को हल्की ठंड लगेगी.
नोएडा से गोरखपुर तक कैसा रहेगा मौसम?
नोएडा-गाजियाबाद: सुबह हल्की धुंध, दिन में धूप और मौसम शुष्क
कानपुर: बारिश नहीं, दिन में धूप, सुबह-शाम हल्की ठंड
वाराणसी: सुबह हल्की धुंध के बाद दिन में साफ मौसम
गोरखपुर: मौसम शुष्क, सुबह-रात हल्की ठिठुरन
कब से बढ़ेगी असली ठंड?
नवंबर की शुरुआत के साथ ही रात का पारा गिरना शुरू हो गया है. फिलहाल दिन में धूप की वजह से गर्मी का एहसास बना हुआ है, लेकिन सुबह-शाम ठंड बढ़ रही है. आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान और गिरेगा तो ठंड का असर और तेज हो जाएगा.
दिवाली से पहले बदला मौसम का मिजाज, सुबह कोहरा-शाम को ठंड; जानें 5 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम?