यूपी में महा-अभियान का आगाज: 17 सितंबर से शुरू होगा 'सेवा संकल्प अभियान', सीएम योगी ने मंत्रियों में बांटे प्रभार
UP Seva Sankalp Abhiyan: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा काल को लेकर उत्तर प्रदेश में बड़ा अभियान शुरू होने जा रहा है. प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलेगा. योगी सरकार गांव से महानगर तक स्वच्छता, पौधरोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य परीक्षण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करेगी.
विशाल सिंह/UP Seva Sankalp Abhiyan: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा काल के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश में एक महीने तक चलने वाला महा-अभियान शुरू होने जा रहा है. 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा. इस अभियान के तहत मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाते हुए यूपी के 4.19 करोड़ परिवारों और 15.74 करोड़ लाभार्थियों को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ने का लक्ष्य तय किया गया है. इस बड़े अभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाने के लिए योगी सरकार के अलग-अलग मंत्रियों को अलग-अलग कार्यक्रमों की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है.
किस मंत्री को मिली कौन सी जिम्मेदारी?
सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया (17 सितंबर - शुरुआत) - धर्मवीर प्रजापति
मेरे सपनों का भारत : चित्र सेवा -संदीप सिंह
नमो सेवा-अनकही कहानियां -जयवीर सिंह
आंगन मिलन सेवा (आंगनबाड़ी केंद्रों पर) -बेबी रानी मौर्य
सेवा की कहानी (लाभार्थियों की सफलता की गाथा) -गिरीश चंद्र यादव और ब्रजेश सिंह
सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प -जसवंत सिंह सैनी
वाराणसी से वडनगर यात्रा (250 बाइक व 500 यात्री गंगाजल लेकर जाएंगे) -जेपीएस राठौड़
सेवा मेरा योगदान -एके शर्मा
सेवा सेतु अभियान -सोमेंद्र तोमर
और ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ की जिम्मेदारी -असीम अरुण को दी गई है.
सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज (युवाओं के लिए) - कपिल देव अग्रवाल
सुशासन सेवा संवाद (17 अक्टूबर -समापन) - दयाशंकर सिंह
एक महीने तक यूपी में सेवा, सुशासन, विकास और जनभागीदारी का बड़ा अभियान चलेगा.
संकल्प सेवा अभियान के जरिए योगी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा से जुड़े कामों को लोगों तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से जोड़ने पर जोर देगी. इसके लिए कार्यक्रमों का दायरा गांवों से लेकर शहरों तक रखा गया है. अभियान के प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय को दी गई है. अब संबंधित विभागों के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां तय की जाएंगी और महीनेभर चलने वाले आयोजनों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा.
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सेवा संकल्प अभियान पर कहा, "आज स्वास्थ्य विभाग के तहत चिकित्सा शिक्षा विभाग ने सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए जो 17 सितंबर से शुरू होगा और 17 अक्तूबर को समाप्त होगा, प्रदेश के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को, प्रधानाचार्य गण, जितने भी संस्थान हैं उनके निदेशक व चांस्लर्स के साथ हमने बड़ी बैठक की है। सेवा संकल्प अभियान को हम धरातल पर उतारेंगे और केंद्र-प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धियों को हम जन-जन तक पहुंचाएंगे। इसके तहत हम प्रदेश में सबसे बड़ी मुहिम चलाएंगे कि प्रदेश में यदि कोई भी व्यक्ति हेल्थ कैंप के माध्यम से उपचार लेना चाहे तो आए। वहां पर सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध होंगी... इसके अलावा रक्त दान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे...इस संबंध में हमने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हमारे सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं... सभी लोगों ने मिल-जुलकर बड़ी बैठक की है कि हम सभी सेवा संकल्प अभियान को धरातल पर उतारेंगे और जन-जन को इससे जोड़ेंगे।"