UP में रफ्तार का कहर! कहीं बस-ट्रक की भिड़ंत तो कहीं ट्रक ने कुचला, यूपी में सड़क हादसों से मचा हाहाकार
यूपी में सड़क हादसों की कई घटनाएं सामने आई हैं. फतेहपुर में दो अलग-अलग हादसों में चार लोगों की जान चली गई. फर्रुखाबाद में बस की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई. हमीरपुर और कुशीनगर में भी तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे हुए.
अवनीश/संदीप कुमार/प्रमोद/अमर: उत्तर प्रदेश में शनिवार देर रात और रविवार को सड़क हादसों का कहर टूट पड़ा. अलग-अलग जिलों में हुए दर्दनाक हादसों में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए. फतेहपुर में सबसे बड़ा हादसा हुआ, जहां बस-ट्रक की टक्कर में 2 लोगों की जान चली गई और 14 यात्री घायल हो गए. इनमें 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है.
फतेहपुर में दो हादसों में 4 की मौत
फतेहपुर में दो अलग-अलग हादसों में दो दंपतियों की मौत हो गई.पहली घटना गाजीपुर थाना क्षेत्र के शाह कस्बे की है. यहां तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार दंपती को कुचल दिया. हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, दूसरी घटना बकेवर थाना क्षेत्र के कश्मीरी मोड़ की है. यहां रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार दंपती की मौत हो गई. दोनों घटनाओं के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
खागा में बस-ट्रक की भिड़ंत, 2 की मौत, 14 घायल
फतेहपुर के खागा कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-2 के पश्चिमी बाईपास पर यात्रियों से भरी तेज रफ्तार बस ट्रक से टकरा गई. हादसा सुबह का बताया जा रहा है. बस वाराणसी जा रही थी. टक्कर इतनी तेज थी कि हादसे में 2 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए. घायलों में 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
फर्रुखाबाद में बस के नीचे आया बाइक सवार, मौत
फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र में मंझना मार्ग पर शनिवार शाम दर्दनाक हादसा हुआ. सब्जी खरीदकर बाइक से घर लौट रहे 50 वर्षीय हरिनाथ सिंह की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. बताया गया कि बस को ओवरटेक करते समय उनकी बाइक सामने से आ रही बाइक से टकरा गई. इसी दौरान वह बस के नीचे आ गए और बस का पहिया उनके ऊपर से निकल गया.हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस मौके पर पहुंची. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बस की पहचान की जा रही है.
हमीरपुर में डिवाइडर से टकराया ट्रक, हाईवे पर लगा जाम
हमीरपुर में सदर कोतवाली क्षेत्र के बेतवा पुल के पास तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया. टक्कर से ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद नेशनल हाईवे-34 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटवाकर यातायात बहाल कराया.
कुशीनगर में ट्रक ने तीन वाहनों को मारी टक्कर
कुशीनगर में नेशनल हाईवे-28 पर तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर तीन वाहनों से टकरा गया. ट्रक ने पहले ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपनी चपेट में लिया और इसके बाद दो कारों को टक्कर मार दी. हादसे में कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
मौत का सफर! एक शव लेकर निकले थे, पांच की अर्थी उठी! बाराबंकी में एंबुलेंस हादसे में पांच की गई जान