App

डूंगरपुर में किसकी चलेगी सरकार? BAP की बंपर जीत के बाद भी BJP ने कैसे मारी बाजी, 4 पंचायतों में फंसा पेंच

डूंगरपुर पंचायत चुनाव में BAP ने 101 सीटें जीतकर भाजपा और कांग्रेस को पीछे छोड़ दिया लेकिन प्रधान बनाने के मामले में भाजपा आगे है. चार पंचायत समितियों में किसी दल को बहुमत नहीं मिलने से सियासी जोड़-तोड़ तेज होगी.

डूंगरपुर में किसकी चलेगी सरकार? BAP की बंपर जीत के बाद भी BJP ने कैसे मारी बाजी, 4 पंचायतों में फंसा पेंच
Image Credit: डूंगरपुर में बीएपी का धमाका.

डूंगरपुर जिले में पंचायतीराज चुनाव के नतीजों ने सियासी समीकरण पूरी तरह बदल दिए हैं. आदिवासी बहुल डूंगरपुर में भारत आदिवासी पार्टी यानी बीएपी ने पहली बार के बड़े चुनावी मुकाबले में ऐसा प्रदर्शन किया कि भाजपा और कांग्रेस दोनों को पीछे छोड़ दिया. जिले में पंचायत समिति और जिला परिषद की सीटों के आंकड़ों को देखें तो बीएपी 101 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. कांग्रेस 83 सीटों के साथ दूसरे और भाजपा 82 सीटों के साथ तीसरे नंबर पर रही. खास बात यह है कि सत्ता में होने के बावजूद भाजपा पंचायत समिति स्तर पर बीएपी और कांग्रेस से पिछड़ गई. सीटों में पीछे रहने के बावजूद प्रधान बनाने के मामले में भाजपा ने बाजी पलट दी है. यानी चुनावी गणित ने डूंगरपुर में जीत-हार की तस्वीर को बेहद दिलचस्प बना दिया है.

डूंगरपुर जिले की 14 पंचायत समितियों की कुल 234 सीटों पर हुए चुनाव में बीएपी ने 87 सीटें जीतकर पहला स्थान हासिल किया. कांग्रेस 74 सीटों के साथ दूसरे और भाजपा 68 सीटों के साथ तीसरे नंबर पर रही.

बीएपी का प्रदर्शन इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि पार्टी ने पहली बार इस स्तर पर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया है. खासकर चिखली, झोंथरी और गलियाकोट जैसी पंचायत समितियों में बीएपी ने एकतरफा बढ़त बनाकर दोनों राष्ट्रीय पार्टियों को बड़ा झटका दिया.

भाजपा को सीटों में झटका, प्रधान बनाने में आगे
चुनावी नतीजों का सबसे रोचक पहलू यह है कि भाजपा सीटों के मामले में तीसरे नंबर पर रहने के बावजूद प्रधान बनाने के मामले में सबसे आगे है. 14 पंचायत समितियों में भाजपा को चार जगह स्पष्ट बहुमत मिला है. कांग्रेस और बीएपी को भी तीन-तीन पंचायत समितियों में बहुमत मिला है. वहीं चार पंचायत समितियां ऐसी हैं जहां किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है. अब इन चार जगहों पर निर्दलीयों और संभावित गठबंधन की भूमिका बेहद अहम हो गई है.यानी सीटों की बाजी बीएपी ने जीती, लेकिन प्रधानों की कुर्सी के खेल में भाजपा आगे निकल गई. यही डूंगरपुर के पंचायतीराज चुनाव का सबसे बड़ा सियासी ट्विस्ट है.

इन पंचायत समितियों में किसका प्रधान?
भाजपा को सागवाड़ा, साबला, पाड़वा और भंडारी पंचायत समिति में साफ बहुमत है. वही कांग्रेस को डूंगरपुर, गामड़ी अहाड़ा और दोवड़ा में स्पष्ट बहुमत है. इसके साथ ही बीएपी को चिखली, झोंथरी और गलियाकोट पंचायत समिति में पूर्ण बहुमत मिला है.

जहां किसी को स्पष्ट बहुमत नहीं
इधर डूंगरपुर जिले की पालदेवल, बिछीवाड़ा, सीमलवाड़ा और आसपुर पंचायत में किसी भी पार्टी को पूर्ण बहुमत नहीं मिला है. इन चार पंचायत समितियों में अब जोड़-तोड़ और गठबंधन का गणित महत्वपूर्ण होगा. यहां एक-एक सदस्य की भूमिका प्रधान की कुर्सी तय कर सकती है.

डूंगरपुर में बदला सियासी समीकरण
इन नतीजों ने साफ कर दिया है कि डूंगरपुर की ग्रामीण राजनीति में बीएपी अब किसी तीसरे विकल्प के तौर पर नहीं, बल्कि बड़ी राजनीतिक ताकत के रूप में उभर चुकी है. पंचायत समिति स्तर पर 87 सीटों के साथ सबसे आगे रहना इसका बड़ा संकेत है. वहीं कांग्रेस ने भी 74 सीटों के साथ भाजपा को पीछे छोड़ा है. भाजपा 68 सीटों पर सिमट गई. हालांकि भाजपा ने जहां बहुमत हासिल किया है, वहां प्रधान की कुर्सी पर उसका कब्जा तय माना जा रहा है. सबसे ज्यादा नजर अब उन चार पंचायत समितियों पर रहेगी जहां किसी दल को बहुमत नहीं मिला. देवल, बिछीवाड़ा, सीमलवाड़ा और आसपुर में अब असली खेल शुरू होगा. यहां निर्दलीय और संभावित गठबंधन सत्ता की चाबी अपने हाथ में रखेंगे.

डूंगरपुर के पंचायतीराज चुनाव ने एक बात साफ कर दी है सीटों की गिनती में बीएपी का दबदबा, वोटों की लड़ाई में कांग्रेस की मजबूती और कुर्सियों के गणित में भाजपा की बढ़त.101 सीटों के साथ बीएपी जिले की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है, लेकिन प्रधान पदों की संख्या तय करेगी कि ग्रामीण सत्ता की असली कमान किसके हाथ में जाती है. अब चार त्रिशंकु पंचायत समितियों में होने वाला सियासी गठजोड़ पूरे डूंगरपुर की राजनीति की दिशा तय करेगा.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee Rajasthan Web Team

Zee Rajasthan Web Team

राजस्थान की सबसे भरोसेमंद और तेज़ डिजिटल न्यूज़ डेस्क. प्रामाणिक खबरें, राजनीतिक हलचल, लोकल अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज़ और हर ज़िले की हर बड़ी गतिविधि सबसे पहले और सटीक अंदाज़ में. जुड़े रहिए हमारे साथ—सच बेबाक, राजस्थान तक
Read More