)
नितिन श्रीवास्तव/बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. सुबेहा थाना क्षेत्र में 53.3 किलोमीटर के पास एक तेज रफ्तार एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े पिकअप में पीछे से जा घुसी. इस हादसे में एंबुलेंस सवार पांच लोगों की मौत हो गई. एंबुलेंस जयपुर से एक व्यक्ति का शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रही थी.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस (RJ 14 PF 8529) ने सड़क किनारे खड़े पिकअप (UP 78 JT 6480) में पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस में सवार सभी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. एंबुलेंस में शव के साथ परिवार के सदस्य और ड्राइवर था. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की राहत टीम मौके पर पहुंची. घायलों को तत्काल सीएचसी हैदरगढ़ पहुंचाया गया, लेकिन किसी की जान नहीं बचाई जा सकी.
हादसे में पश्चिम बंगाल के कोच बिहार निवासी अमिनूर हक (40) पुत्र अब्दुल हुसैन, रुपिक (50) पुत्र अब्दुल रहमान, राजस्थान के अलवर निवासी हरिओम (33) पुत्र जयसिंह, जयपुर निवासी मकबूल खान (62) पुत्र शुभान और एंबुलेंस चालक आलम की मौत हो गई.
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.