आतिशबाजी का साइड इफेक्ट: गोरखपुर-प्रयागराज समेत कई जिलों में सांसों पर संकट, जानें कितना पहुंचा AQI?
दिवाली की रात यूपीवालों ने खूब आतिशबाजी की. जिसके चलते प्रयागराज समेत कई जिलों में हवा जहरीली हो गई है. सोमवार सुबह प्रयागराज, गोरखपुर और लखनऊ में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 500 के पार चला गया. जानिए पूरी डिटेल...
दीपावली का जश्न खत्म हो गया है, लेकिन अब उत्तर प्रदेश के आसमान पर प्रदूषण की जहरीली परत छा गई है. रोशनी के इस पावन पर्व पर रातभर जमकर आतिशबाजी हुई, जिसने प्रदेश की हवा को बुरी तरह प्रदूषित कर दिया है. इसका सबसे गंभीर असर आगरा के ताजमहल पर देखने को मिला, जहां सुबह होते ही धुंध की घनी चादर ने इस विश्व धरोहर को अपनी आगोश में ले लिया.
सुबह ताजमहल देखने पहुंचे पर्यटकों को भी इस धुंध और खराब वायु गुणवत्ता के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
जानिए कहां कितना रहा AQI?
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश के कई शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है. लखनऊ में जो AQI पहले 264 के आसपास दर्ज किया गया था, वह आतिशबाजी के बाद बढ़कर 300 से 350 के बीच पहुंच गया. वहीं, सोमवार सुबह 7 बजे प्रयागराज, गोरखपुर और लखनऊ के कुछ हिस्सों में AQI 500 के आंकड़े को भी पार कर गया.
इसके अलावा नोएडा, गाजियाबाद, कानपुर और वाराणसी समेत उत्तर प्रदेश के करीब 10 प्रमुख शहरों में AQI 'गंभीर' श्रेणी में दर्ज किया गया.
वाराणसी में 'बहुत खराब' श्रेणी में AQI
मेरठ और आसपास के जिलों का हाल भी चिंताजनक रहा. दिवाली की रात मेरठ में आतिशबाजी से AQI 450 तक पहुंच गया था. हालांकि सोमवार सुबह थोड़ी निगरानी के बाद शहर का AQI 318 दर्ज किया गया. इसके साथ ही बागपत में 293, गाजियाबाद में 353 और मुजफ्फरनगर में AQI 222 रिकॉर्ड किया गया. वहीं, वाराणसी में भी AQI 302 यानी 'बहुत खराब' श्रेणी में बना रहा.
स्थिति का जायजा लेने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीमों ने शहर के अलग-अलग आठ स्थानों पर निगरानी कर आतिशबाजी के प्रभावों का आकलन किया.
स्वास्थ्य पर गंभीर असर
आपको बता दें, AQI से हमें हमारे आसपास की हवा की शुद्धता या प्रदूषण के स्तर की सटीक जानकारी मिलती है. जब हवा का स्तर खराब होता है, तो इसमें मौजूद सूक्ष्म प्रदूषक कण जैसे PM2.5, PM10, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड, सल्फर डाइऑक्साइड और ओजोन हमारे फेफड़ों में गहराई तक प्रवेश कर जाते हैं.
ये जहरीले कण रक्तसंचार के माध्यम से पूरे शरीर में फैल जाते हैं, जिससे तुरंत आंखों में जलन, गले में खराश, सांस लेने में तकलीफ और सीने में जकड़न जैसी समस्याएं पैदा होने लगती हैं. स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, इस दूषित हवा के लगातार संपर्क में रहने से फेफड़ों की कार्यक्षमता तेजी से कम होती है और क्रॉनिक बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है.
(लखनऊ से विशाल रघुवंशी की रिपोर्ट)
यह भी पढ़िए: सुबह कोहरा-धुंध, दिन में धूप; नोएडा से वाराणसी तक जानें आज कैसा रहेगा मौसम?