100 बीघा में शाही पंडाल, क्यूआर कोड से एंट्री: शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और भाई की सगाई कल, शाही मेन्यू में दिखेगी 'बाबूजी' की झलक
14 नवंबर को यूपी के शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और उनके छोटे भाई सौरभ सिंह की शाही सगाई होने वाली है. जिसके लिए अलीगढ़ के कल्याण सिंह रामघाट मार्ग पर 100 बीघा में भव्य पंडाल तैयार किया गया है. इस समारोह में सीएम समेत कई दिग्गज शामिल हो सकते हैं.
उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों में इस समय सबसे ज्यादा चर्चा बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह और उनके छोटे भाई सौरभ सिंह के शाही मांगलिक कार्यक्रमों की है. पूर्व मुख्यमंत्री और पद्म विभूषण स्वर्गीय कल्याण सिंह के परिवार में होने जा रहे इस भव्य आयोजन की तैयारियां अब अपने अंतिम चरण में हैं. शनिवार यानी 14 नवंबर को अलीगढ़ के तालानगरी स्थित कल्याण सिंह रामघाट मार्ग पर बने एथलेटिक्स ग्राउंड में दोनों भाइयों की शाही सगाई समारोह आयोजित होने जा रहा है.
तीन तरह के कार्ड और क्यूआर पास
इस शाही सगाई के लिए करीब 100 बीघा में वॉटरप्रूफ जर्मन हैंगर भव्य पंडाल तैयार किया गया है. जिसमें एक लाख से अधिक मेहमानों के जुटने का अनुमान है. थाईलैंड से आने वाले ऑर्किड, नीदरलैंड के ट्यूलिप, लिली और अन्य विदेशी फूलों से आयोजन स्थल को सजाया जा रहा है. परिवार ने इस समारोह के लिए मेहमानों की श्रेणी के मुताबिक तीन अलग-अलग तरह के निमंत्रण पत्र (सामान्य, मध्यम और वीआईपी-वीवीआईपी) तैयार कराए हैं. सुरक्षा और व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए सेरेमनी हॉल तक जाने वाली गाड़ियों के लिए 'क्यूआर कोड' वाले कार पास जारी किए गए हैं.
100 बीघा मैदान का खास लेआउट
सगाई स्थल का लेआउट प्लान बेहद व्यवस्थित तरीके से तैयार किया गया है, जिसमें वीवीआईपी, वीआईपी और सामान्य मेहमानों के प्रवेश, पार्किंग, बैठने और खाने की व्यवस्था को पूरी तरह अलग रखा गया है. मैदान के आधे से अधिक हिस्से में 657 कारों की पार्किंग बनाई गई है. सड़क की ओर से 4 से 5 प्रवेश द्वार बनाए गए हैं. बाईं ओर वीआईपी-वीवीआईपी के लिए और दाईं ओर आम मेहमानों के लिए दो बड़े गेट हैं. परिसर में भी बैरिकेडिंग के जरिए दोनों हिस्सों को अलग रखा गया है.
वीवीआईपी और आम जनता के लिए अलग व्यवस्था
बाईं ओर के निचले हिस्से में वीवीआईपी मेहमानों के लिए 123x90 फीट का लग्जरी कॉटेज एरिया, 260x130 फीट की अलग पार्किंग और सोफे-गोल टेबलों वाला विशेष पंडाल बनाया गया है. इनके खाने के लिए 82x50 फीट का अलग किचन भी तैयार हुआ है. मैदान के दाईं ओर बीच में भव्य मंच, मंडप और ग्रीन रूम बनाए गए हैं. निचले हिस्से में आम जनता के लिए फूलों से सजी गोल टेबल, चारों कोनों पर कैनोपी और 100x80 फीट का डिनर टेंट लगाया गया है.
60 व्यंजनों के शाही मेन्यू में दिखेगी 'बाबूजी' की झलक
इस समारोह में सीएम योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों, राज्यपालों और करीब 1,000 वीआईपी मेहमानों के शिरकत करने की संभावना है. मेहमानों की खातिरदारी के लिए 60 तरह के लजीज व्यंजनों का शाही मेन्यू तैयार किया गया है. इस शाही दावत का सबसे खास आकर्षण पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल स्वर्गीय कल्याण सिंह (बाबूजी) की पसंदीदा आलू और कद्दू की सब्जी होगी, जिसे खास तौर से मेन्यू में शामिल किया गया है.
26 नवंबर को दिल्ली में होगी शाही शादी
अलीगढ़ में सगाई की रस्मों के बाद शादी का पूरा कार्यक्रम दिल्ली में संपन्न होगा. 26 नवंबर को दिल्ली के होटल 'द लीला' के ग्रैंड बॉलरूम में लंच और सेहराबंदी की रस्म होगी. इसके बाद बरात दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम के ओपन लॉन (गेट नंबर-1) पर ठहरेगी, जबकि जयमाला और सात फेरे स्टेडियम के क्रिकेट ग्राउंड में होंगे. शादी के अगले दिन यानी 27 नवंबर को जेएलएन स्टेडियम के 'द जोरा' में भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा. जहां संदीप सिंह, मेघना चौधरी का हाथ थामेंगे, वहीं छोटे भाई सौरभ सिंह, अंतरा त्यागी संग अपने जीवन की नई शुरुआत करेंगे.
(अलीगढ़ से मनीष शर्मा की रिपोर्ट)
यह भी पढ़िए: MF हुसैन की पेंटिंग, आर्ट से लेकर मॉर्डन इंटीरियर तक...बेहद खूबसूरत है माधुरी दीक्षित का घर, देखें इनसाइड फोटो