App

बारिश बनी काल: यूपी में ढही दीवारें और धंसी सड़कें, बहराइच-लखनऊ समेत कई जिलों में हाहाकार, 30 से ज्यादा लोगों की गई जान

UP Rain Havoc: उत्तर प्रदेश में बेतहाशा बारिश के कारण अलग-अलग हादसों में कुल 30 से ज्यादा लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है. बारिश और आंधी-तूफान का सबसे भयंकर असर अवध क्षेत्र के जिलों में देखने को मिला है, जहां सबसे ज्यादा 25 मौतें दर्ज की गई हैं. पूरे प्रदेश के 63 जिलों में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. कई निचले इलाके और सड़कें जलमग्न हो चुकी हैं.

बारिश बनी काल: यूपी में ढही दीवारें और धंसी सड़कें, बहराइच-लखनऊ समेत कई जिलों में हाहाकार, 30 से ज्यादा लोगों की गई जान

UP Rain Havoc: उत्तर प्रदेश में मूसलाधार बारिश और तेज आंधी-तूफान ने भयंकर तबाही मचाई है. प्रदेश के 63 जिले इस कुदरती आफत की चपेट में हैं, जहां अलग-अलग हादसों में अब तक 30 से ज्यादा लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है. सबसे भयंकर तबाही अवध क्षेत्र में देखने को मिल रही है, जहां अकेले 25 से अधिक लोगों की जान चली गई है. मूसलाधार बारिश के चलते कहीं कच्चे मकान और दीवारें गिर रही हैं, तो कहीं पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ रहे हैं.

बहराइच में सिपाही समेत 5 की मौत
बहराइच जिले में पिछले दो दिनों से जारी आंधी-पानी ने भारी जान-माल का नुकसान किया है. ड्यूटी खत्म कर लौट रहे 2025 बैच के पुलिस सिपाही जयदीप यादव की बाइक सड़क पर गिरे पेड़ से टकरा गई, जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इसके अलावा, कैसरगंज के देवलखा में दीवार गिरने से ननकाई नामक महिला की मौत हुई, जबकि नानपारा के भाटेहटा में मलबे में दबकर 44 वर्षीय मिश्रीलाल ने दम तोड़ दिया. फखरपुर व हरदी क्षेत्र में दीवार और बिजली का खंभा गिरने से 20 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि कोतवाली देहात में खेत देखने गए 55 वर्षीय किसान राजकुमार खंभा गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए.

उन्नाव, कानपुर देहात और महराजगंज में कच्चे मकान बने काल
उन्नाव के आसीवन थाना क्षेत्र के रसूलाबाद गांव में लगातार हो रही बारिश से कच्ची दीवार गिरने से एक अधेड़ की मलबे में दबकर मौत हो गई. उधर, कानपुर देहात के शिवली क्षेत्र के नवल निवादा गांव में 48 घंटे की बारिश के बीच कच्चा मकान भरभराकर गिर गया, जिसमें सो रही मां-बेटी की मलबे में दबकर दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, महराजगंज के कोल्हुई क्षेत्र के जिगिनिहा गांव में भी रविवार सुबह कच्चा मकान गिरने से 59 वर्षीय कुसुमी देवी की जान चली गई. हादसे के समय उनके पति भी पास में सो रहे थे, लेकिन वह बाल-बाल बच गए.

राजधानी में धंसी LDA की सड़क, पेड़ और दीवारें गिरीं
प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लगातार 3 दिनों की मूसलाधार बारिश ने नगर निगम और लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के दावों की पोल खोल दी है. वीआईपी इलाके ला मार्टिनियर स्कूल के पास गोल्फ कोर्स के अंदर एक बड़ा पेड़ गिर गया, जो मुख्यमंत्री आवास के बेहद करीब है. वहीं डालीगंज में सिटी स्टेशन के पास भारी बारिश के बीच दीवार गिरने से कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं. हद तो तब हो गई जब इकाना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास एलडीए की नई बनी सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया, जिसे ढकने के लिए अधिकारियों ने उस पर बड़ी पॉलिथीन डाल दी.

आम जनता से अपील
पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सामान्य से करीब 19 गुना ज्यादा बारिश दर्ज की गई है. लगातार हो रही बारिश और आंधी-तूफान के कारण पूरे प्रदेश में डर और दहशत का माहौल है. जर्जर और कच्चे मकानों में रहने वाले लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आपदा प्रबंधन टीमें, पुलिस और स्थानीय प्रशासन अलर्ट पर हैं. आम जनता से अपील की गई है कि वे बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलें और जर्जर ढांचों, पेड़ों या बिजली के पोलों से दूर सुरक्षित स्थानों पर शरण लें.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Pooja Singh

Pooja Singh

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More