यूपी में कुर्मी वोटों की जंग तेज: प्रयागराज में अनुप्रिया पटेल का शक्ति प्रदर्शन, पूर्वांचल में गरमाएगी सियासत
अपना दल एस की प्रमुख अनुप्रिया पटेल संगमनगरी में शक्ति प्रदर्शन करने जा रही हैं. वह विजय संकल्प रैली से कार्यकर्ताओं में यूपी चुनाव को लेकर जोश भरेंगी.
अपना दल एस की राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल 29 नवंबर को संगमनगरी प्रयागराज से चुनावी शंखनाद करेंगी. सरदार पटेल संस्थान के मैदान में होने वाली विजय संकल्प रैली के जरिए अनुप्रिया पटेल पूर्वांचल में पार्टी की ताकत का प्रदर्शन करेंगी. दावा है कि रैली में पूर्वांचल के करीब एक लाख कार्यकर्ता शामिल होंगे. अपना दल एस के सभी विधायक भी रैली में मौजूद रहेंगे, लेकिन इस रैली के सियासी मायने सिर्फ शक्ति प्रदर्शन तक सीमित नहीं हैं. इसके जरिए कुर्मी वोट बैंक पर अपनी पकड़ मजबूत करने के साथ एनडीए गठबंधन में पूर्वांचल की अधिक से अधिक सीटों पर दावेदारी की कोशिश भी होगी.
अनुप्रिया पटेल विजय संकल्प रैली से कार्यकर्ताओं में भरेंगी हुंकार
प्रयागराज से अपना दल एस मिशन चुनाव का आगाज करने जा रहा है. केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल विजय संकल्प रैली के जरिए कार्यकर्ताओं में चुनावी जोश भरेंगी. सरदार पटेल संस्थान के मैदान में होने वाली इस रैली में पूर्वांचल के एक लाख कार्यकर्ताओं के जुटने का दावा किया जा रहा है. पार्टी के सभी विधायक भी रैली में शामिल होंगे. अनुप्रिया पटेल इस रैली के जरिए कार्यकर्ताओं को चुनावी जीत का संकल्प दिलाएंगी. साथ ही पूर्वांचल में अपना दल एस के जनाधार और राजनीतिक ताकत का संदेश देने की कोशिश भी करेंगी. रैली को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है, लेकिन इस रैली का सबसे बड़ा सियासी संदेश कुर्मी वोट बैंक को लेकर माना जा रहा है.
पूर्वांचल में कुर्मी वोटों को लेकर सियासी खींचतान तेज होने के आसार
अनुप्रिया पटेल की सक्रियता के बीच उनकी राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी पल्लवी पटेल भी मैदान में सक्रिय हैं. प्रयागराज, कौशांबी से लेकर वाराणसी तक पल्लवी पटेल अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटी हैं. ऐसे में विजय संकल्प रैली के बाद पूर्वांचल में कुर्मी वोटों को लेकर सियासी खींचतान और तेज होने के आसार हैं. अपना दल एस के राष्ट्रीय महासचिव नागेन्द्र सिंह पटेल ने कहा है कि तीसरी बार यूपी में एनडीए की सरकार बनाने का संकल्प कल अनुप्रिया पटेल कार्यकर्ताओं को दिलाएंगी. अनुप्रिया पटेल की इस रैली से पूर्वांचल में अपना दल एस चुनावी शंखनाद भी करने जा रहा है.
(प्रयागराज से मोहम्मद गुफरान की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें ; BJP जहां एक बार आती है, वहां बार-बार आती है... डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा दावा