)
मध्य प्रदेश के बीजापुर जिले में माओवादी डंप के खिलाफ सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई के बीच एक और बड़ी बरामदगी हुई है. भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में इंद्रावती नदी के आसपास स्थित जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए माओवादी डंप से 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं. बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है.
इंद्रावती नदी के पास जंगल में माओवादी डंप छिपे होने की सूचना मिली
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर को भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के इंद्रावती नदी के आसपास के जंगल में जमीन के अंदर माओवादी डंप छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में डीआरजी, थाना भैरमगढ़ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया.
बीडीएस टीम ने डिमाइनिंग और तलाशी अभियान चलाया, करोड़ा का सोना मिला
थाने से लगभग 8 से 10 किलोमीटर दूर इंद्रावती नदी के पास चिन्हित स्थान पर बीडीएस टीम ने डिमाइनिंग और तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा बरामद हुआ. डिब्बे की तलाशी लेने पर उसमें 33 सोने के बिस्किट मिले. प्रत्येक बिस्किट का वजन 10 तोला बताया गया है. कुल सोने का वजन 330 तोला यानी लगभग 3.84 किलोग्राम है. पुलिस के अनुसार इसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये है.
24.22 लाख रुपये कैश बरामद
इसके अलावा टेप से लिपटे एक पैकेट में 500 रुपये के नोटों के रूप में कुल 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद भी बरामद किए गए. पुलिस ने बताया कि बरामद सोने और नकदी के संबंध में थाना भैरमगढ़ में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
अब तक 8.24 करोड़ नकद और 12.34 किलो सोना बरामद
पुलिस के अनुसार, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और सीआरपीएफ के संयुक्त प्रयासों से जिले में माओवादी डम्प के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इन कार्रवाइयों के परिणामस्वरूप बीजापुर जिले के विभिन्न स्थानों से अब तक कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है.
इंद्रावती नदी के जंगल में हुई ताजा बरामदगी को माओवादी नेटवर्क की आर्थिक गतिविधियों के खिलाफ सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है.
(बीजापुर से पवन दुर्गम की रिपोर्ट)