दिवाली से पहले यूपी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, फर्रुखाबाद-संभल में पुलिस, PAC और RAF का फ्लैग मार्च
दिवाली और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश में पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है. फर्रुखाबाद और संभल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
लखनऊ/फर्रुखाबाद/संभल: दिवाली और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से निपटाने के लिए यूपी पुलिस-प्रशासन फुल अलर्ट मोड पर आ गया है. संवेदनशील जिलों में फ्लैग मार्च, रूट डायवर्जन और सोशल मीडिया पर निगरानी तेज कर दी गई है. वहीं दूसरी तरफ योगी सरकार ने दिवाली पर राजस्व विभाग के कर्मचारियों को पदोन्नति का बड़ा तोहफा दिया है.
फर्रुखाबाद: फतेहगढ़ में पैदल मार्च, जिला 4 जोन में बंटा
फर्रुखाबाद में एएसपी गिरीश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने फतेहगढ़ के लालगेट से चौक तक पैदल फ्लैग मार्च किया. पुलिस ने प्रमुख बाजारों और संवेदनशील इलाकों का जायजा लिया और लोगों से शांति-सौहार्द बनाए रखने की अपील की. सुरक्षा के लिए पूरे जिले को 4 जोन और 14 सेक्टरों में बांटा गया है, हर सेक्टर में मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे.
संभल: PAC-RAF के साथ फ्लैग मार्च, भड़काऊ पोस्ट पर 2 पर केस
संभल में एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी और एएसपी सुमित राम केटे ने पुलिस, पीएसी और आरएएफ जवानों के साथ सदर कोतवाली क्षेत्र के बाजारों में फ्लैग मार्च किया. एसपी ने अराजक और संदिग्ध तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए. सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है. शहर में जाम से बचने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन भी लागू किया गया है.
लखनऊ शहर में पैदल मार्च
त्योहारों से पहले सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पुलिस ने लखनऊ शहर में पैदल मार्च किया. जेसीपी, कानून-व्यवस्था, लखनऊ, बबलू कुमार ने कहा, "अभी करीब 15 दिनों तक त्योहार का समय रहेगा. सभी जोन में डीसीपी, एसीपी, एसएचओ अपने अपने क्षेत्र के मार्केट में भीड़ वाले इलाके में पैदल गस्त कर रहे हैं. सुनिश्चित कर रहे हैं कि किसी भी जगह की कोई दिक्कत ना हो. व्यापार मंडलों के लोगों से, सराफा व्यापारियों एवं अन्य व्यापारी बंधुओं से हमारी पुलिस टीम बातचीत कर रही है. जो लोग वहां भ्रमण कर रहे हैं शॉपिंग करने आए हैं उनके साथ भी बातचीत चल रही है. ट्रैफिक के कारण कोई जाम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है उस पर हमारी टीमें अलर्ट हैं ताकि किसी भी व्यक्ति को अपने शॉपिंग के दौरान घूमने के दौरान कोई असुविधा ना हो।"
योगी सरकार का दिवाली गिफ्ट: 285 को मिली पदोन्नति
दिवाली पर राजस्व परिषद, उत्तर प्रदेश ने 285 कार्मिकों को राजस्व निरीक्षक के पद पर पदोन्नत किया है. इनमें 206 लेखपाल और 79 संग्रह अमीन शामिल हैं. लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे कार्मिकों को इससे बड़ी राहत मिली है. सरकार का कहना है कि समयबद्ध पदोन्नति से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और राजस्व प्रशासन और मजबूत होगा.
दिवाली से पहले बदला मौसम का मिजाज, सुबह कोहरा-शाम को ठंड; जानें 5 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम?