कहीं पटाखे की चिंगारी तो कहीं दीये से लगी आग, लखीमपुर खीरी में 20 दुकानें स्वाहा, कई जिलों में लाखों का नुकसान
दीपावली पर यूपी के कई जिलों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं. लखीमपुर में 20 दुकानें जल गईं, गोरखपुर में तीन कारें और बांदा में कबाड़ की दुकान राख हो गई. जौनपुर में एक व्यक्ति झुलसा.
यूपी में आग की घटनाएं: दीपावली की रात जहां पूरा प्रदेश रोशनी और आतिशबाजी में डूबा था, वहीं कई जिलों से आग लगने की ऐसी खबरें आईं, जिसने खुशियों को मातम में बदल दिया. कहीं पटाखों की चिंगारी ने दुकानों को राख कर दिया, तो कहीं दीये की लौ ने गाड़ियों और मकान को अपनी चपेट में ले लिया.
लखीमपुर खीरी: 20 दुकानें स्वाहा, 50 लाख का नुकसान
भारत-नेपाल बॉर्डर पर बसी बनगवां मंडी में दीपावली के दीये से आग लगने की आशंका है. आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और करीब 20 दुकानें जलकर राख हो गईं. करीब 50 लाख के नुकसान का अनुमान है. आग बुझाने के लिए 5 दमकल गाड़ियां लगीं, नेपाल से भी 2 गाड़ियां बुलाई गईं. करीब 3 घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका.
बांदा: कबाड़ की दुकान में आग
शहर कोतवाली इलाके के बबेरू रोड पर गायत्री नगर में कबाड़ की दुकान में आग लग गई. बताया जा रहा है कि पटाखे की चिंगारी से आग भड़की. दुकान में रखा लाखों का सामान जल गया. पुलिस और फायर ब्रिगेड ने 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई.
गोरखपुर: 3 कारें बनीं आग का गोला
शाहपुर थाना क्षेत्र के रामजानकी नगर में पटाखे की चिंगारी घर के बाहर खड़ी ब्रेजा, स्विफ्ट डिजायर और बोलेरो पर जा गिरी. तीनों गाड़ियां देखते ही देखते आग का गोला बन गईं. फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई, गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ.
मुख्य अग्निशमन अधिकारी संतोष कुमार राय ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पटाखे से निकली चिंगारी के कारण घर के पास खड़ी तीनों गाड़ियों में आग लगी। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को पूरी तरह बुझा दिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है.
एटा: खड़ी कार धू-धूकर जली
कोतवाली नगर के धानमील इलाके में खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते गाड़ी पूरी तरह जल गई. इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग लगने की वजह अभी साफ नहीं है.
औरैया: ऑटो गैराज में भीषण आग
दिबियापुर थाना इलाके में ऑटो गैराज में आग लग गई. गैराज का सारा सामान राख हो गया. औरैया के साथ NTPC और GAIL की फायर टीम ने मिलकर आग बुझाई. किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
जौनपुर: मकान में आग, मैकेनिक झुलसा
नेवढ़िया थाना के गोपालापुर गांव में एक मकान में आग लग गई. इसमें बाइक मैकेनिक अरशद बुरी तरह झुलस गया. उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, फिर हालत गंभीर होने पर वाराणसी के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया.
अलीगढ़: रोडवेज वर्कशॉप में कबाड़ जला
बन्नादेवी थाना के मसूदाबाद रोडवेज वर्कशॉप में खराब बस के पास पड़े कबाड़ में आग लग गई. कबाड़ में मोबिल ऑयल होने से आग देर तक जलती रही. आशंका है कि आतिशबाजी की चिंगारी से आग लगी.
महराजगंज: ट्रक का केबिन जला, नेपाल से आई दमकल
सोनौली कोतवाली के सामने पार्किंग में खड़े ट्रक में आग लग गई. बताया जा रहा है कि ट्रक चालक शंकर यादव ने गाड़ी पर दीपक जलाया था, उसी की चिंगारी से केबिन में आग लगी. नौतनवा और नेपाल की दमकल टीम ने मिलकर आग बुझाई. केबिन पूरी तरह जल गया.
बलरामपुर: जूते-चप्पल की दुकान राख
तुलसीपुर के नाई बाजार चौक पर जूते-चप्पल की दुकान में देर रात आग लग गई. लाखों का सामान और फर्नीचर जल गया. शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की है, जांच जारी है. दीपावली पर हुई इन घटनाओं ने एक बार फिर यही सबक दिया है कि आतिशबाजी और खुले में जलते दीयों को लेकर जरा सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है.
दिलीप मिश्रा, अतुल मिश्रा,नागेन्द्र मणि त्रिपाठी, हर्ष द्विवेदी, अजीत सिंह, अमित, गौरव श्रीवास्तव कि रिपोर्ट.
चित्रकूट में बड़ा हादसा: श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 4 की मौत; 12 घायल, 5 की हालत गंभीर
हरियाणा से मुजफ्फरनगर आ रही कार बनी आग का गोला, महिला समेत 6 की मौत