)
Brijesh Pathak Ghazipur Visit/ आलोक त्रिपाठी: उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने शनिवार को गाजीपुर दौरे पर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी 'PDA यात्रा' पर तीखा हमला बोला. डिप्टी सीएम एलजी मनोज सिन्हा के बेटे अभिनव सिन्हा की ओर से गाजीपुर के लंका मैदान में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन करने पहुंचे थे. इस मौके पर उन्होंने ने सपा प्रमुख की मंशा और उनकी राजनीति पर कड़े सवाल खड़े किए.
'12 करोड़ के रथ पर क्या साकार होंगे डॉ. लोहिया के सपने?'
सपा की PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) यात्रा पर तंज कसते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि PDA रथ की लागत 12 करोड़ रुपये है, जिसे मर्सिडीज बेंज ने बनाया है. 12 करोड़ के रथ पर क्या लोहिया जी के सपने साकार होंगे. लोहिया जी ने क्या कभी सोचा होगा कि कोई समाजवादी 12 करोड़ के रथ पर वोट मांगेगा. डॉ. लोहिया के सिद्धांतों की याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि लोहिया जी कहते थे जो परिवार से सटेगा, वो समाज से कटेगा. लोहिया जी पूंजीवाद के सख्त विरोधी थे. उनके घर में कंघा तक नहीं होता था. ये लोग केवल सैफई परिवार को प्रमोट करते हैं.
'गाजीपुर में पहले वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया का राज था'
समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा अपने ही कार्यकलापों के दलदल में धंसी हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में गाजीपुर में वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया का राज था, जहां शाम 5 बजे के बाद आम लोगों का सड़कों पर निकलना दुश्वार हो जाता था. उन्होंने कहा कि सपा गुंडों और उपद्रवियों को संरक्षण देने वाली पार्टी रही है, जबकि आज भारतीय जनता पार्टी की सरकार में प्रदेश की बेटियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को सुरक्षा का पूरा माहौल मिला है.
आगामी चुनावों में फिर भाजपा को मिलेगी प्रचंड बहुमत
गाजीपुर दौरे के दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने गाजीपुर मेडिकल कॉलेज में 'अमृत फार्मेसी' का भी फीता काटकर उद्घाटन किया और मरीजों को सस्ती दवाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. कार्यक्रम के अंत में उन्होंने दावा किया कि भाजपा आम जनमानस के विश्वास की पार्टी है. हर कार्यकर्ता और नेता जनता के बीच 5 साल ईमानदारी से मेहनत करता है. उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता सपा के तुष्टिकरण और जातिगत राजनीति को नकारते हुए आगामी चुनावों में एक बार फिर भाजपा को प्रचंड बहुमत देकर सत्ता की चाबी सौंपेगी.