जनता और सत्ता के बीच आत्मीय संवाद का नया माध्यम: योगी की पाती के 50 सप्ताह पूरे, खास जश्न की तैयारी
योगी की पाती के सफल 50 सप्ताह पूरे होने पर खास कार्यक्रम की तैयारी है. 1090 परिसर में विशेष प्रदर्शनी का सीएम योगी उद्घाटन करेंगे.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छठ महापर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामना दी है. वहीं, 25 करोड़ जनता से सीधे संवाद के लिए शुरू की पहल मील का पत्थर साबित हो रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की लोकप्रिय पहल ‘योगी की पाती’ अब अपने 50 सफल सप्ताह पूरे कर रही है. इस खास सफर का जश्न मनाने के लिए 16 नवंबर को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसमें कॉफी टेबल बुक का विमोचन और विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन होगा.
सीएम योगी करेंगे विमोचन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने सरकारी आवास पर आयोजित कार्यक्रम में ‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह की यात्रा पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन करेंगे. साथ ही वह 1090 परिसर में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से आयोजित विशेष प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन भी करेंगे. प्रदर्शनी में पाती के माध्यम से प्रदेशवासियों तक पहुंचाए गए संदेशों, विचारों और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को चित्रों एवं अन्य रचनात्मक माध्यमों से प्रस्तुत किया जाएगा.
सत्ता और जनता के बीच का बेहतरीन माध्यम
‘योगी की पाती’ मुख्यमंत्री और प्रदेश की जनता के बीच संवाद का ऐसा माध्यम बनी है, जिसमें शासन की प्राथमिकताओं के साथ आमजन के जीवन से जुड़े विषयों को भी प्रमुखता दी गई है. किसान, नौजवान, महिलाएं, आस्था, विकास, सुरक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे विषयों के माध्यम से यह पहल प्रदेश की सामाजिक और विकासात्मक यात्रा को जनसंवाद की भाषा में प्रस्तुत करती रही है.
आत्मीय संवाद के सफर का दस्तावेज बनेगी कॉफी टेबल बुक
50 सप्ताह की यात्रा पर आधारित कॉफी टेबल बुक में मुख्यमंत्री की पातियों के प्रमुख संदेशों, उनके विषयों, जनहित से जुड़े सरोकारों और प्रदेश की बदलती तस्वीर को संकलित किया गया है. यह पुस्तक केवल प्रकाशित पत्रों का संग्रह नहीं, बल्कि जनता से संवाद स्थापित करने की एक सतत पहल का दस्तावेज होगी. इसमें उन विषयों की झलक मिलेगी, जिनके माध्यम से सरकार और समाज के बीच विचारों, अपेक्षाओं और विकास की प्राथमिकताओं का सेतु निर्मित हुआ है.
1090 परिसर में सजेगी संवाद यात्रा की झलक
विशेष प्रदर्शनी में ‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह के सफर को क्रमबद्ध और आकर्षक स्वरूप में प्रदर्शित किया जाएगा. इसमें अलग-अलग सप्ताहों की थीम, पातियों के संदेश और उनसे जुड़े प्रमुख जनसरोकार केंद्र में होंगे. प्रदर्शनी का उद्देश्य इस पहल की मूल भावना को आमजन तक पहुंचाना और जनता के साथ संवाद के इस अनूठे माध्यम से अधिकाधिक लोगों को परिचित कराना है.
एक सप्ताह, सात पातियां और सात सांस्कृतिक संध्याएं
इस आयोजन को सात दिनों तक चलने वाले सांस्कृतिक उत्सव से भी जोड़ा गया है. प्रत्येक दिन की सांस्कृतिक संध्या ‘योगी की पाती’ की एक विशेष थीम को समर्पित होगी. इसके माध्यम से प्रदेश के सामाजिक जीवन, विकास, सांस्कृतिक चेतना और जनकल्याण से जुड़े विषयों को गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए अभिव्यक्त किया जाएगा.
हर दिन हर वर्ग पर आधारित होगा कार्यक्रम
सोमवार की ‘मिट्टी की पाती’ में किसान, खेती और गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े विषय होंगे. मंगलवार की ‘बेटी की पाती’ महिला सुरक्षा, सम्मान और आगे बढ़ती बेटियों की आकांक्षाओं को स्वर देगी. बुधवार की ‘नौजवान की पाती’ रोजगार, मेहनत, कौशल और युवाओं के सपनों पर केंद्रित होगी. गुरुवार की ‘आस्था की पाती’ में अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन और नैमिषारण्य की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई देगी.
बीते दस वर्षों की यात्रा को गीत संगीत के जरिए व्यक्त किया जाएगा
शुक्रवार की ‘रफ्तार की पाती’ प्रदेश में एक्सप्रेसवे, हवाई अड्डों, मेट्रो और औद्योगिक विकास के विस्तार को रेखांकित करेगी. शनिवार की ‘सुकून की पाती’ सुरक्षित उत्तर प्रदेश, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा के विषयों को समर्पित होगी. वहीं रविवार की ‘आपकी पाती’ में बीते दस वर्षों की यात्रा को गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अभिव्यक्त किया जाएगा.
यह भी पढ़ें : छठ घाटों पर आस्था की अनुपम छटा: व्रतियों ने भगवान सूर्य को दिया अर्घ्य, 36 घंटे का निर्जला व्रत