यूपी पुलिस का 'हाई-टेक' अवतार: मुख्यमंत्री ने 10 जांबाजों को पहनाया मेडल, सड़क सुरक्षा के लिए बेड़े में शामिल हुए 87 इंटरसेप्टर
UP Police Awards: यूपी में कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में एक और कदम उठाया गया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लोकभवन में 10 पुलिसकर्मियों को वीरता पदक से सम्मानित किया. इस मौके पर उन्होंने 87 इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी दिखाई और पुलिस सुधारों पर आधारित पुस्तक 'संघर्ष' का विमोचन भी किया.
UP Police Awards: उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त और हाईटेक बनाने की दिशा में योगी सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है. राजधानी लखनऊ स्थित लोकभवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने वाले 10 जांबाज पुलिसकर्मियों को उनकी वीरता के लिए 'वीरता पदक' से सम्मानित किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने न केवल पुलिस महकमे का हौसला बढ़ाया, बल्कि सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को मजबूत करने के लिए 87 हाई-टेक इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया.
इन 10 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को मिला वीरता सम्मान
कार्यक्रम में प्रदेश भर से चुने गए उन पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने जान जोखिम में डालकर अपराधियों का डटकर मुकाबला किया. सम्मानित होने वाले जवानों में बुलंदशहर के निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह राठौर, स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के निरीक्षक अमित, उप निरीक्षक केशव शांडिल्य, उप निरीक्षक धनश्याम यादव, उप निरीक्षक राहुल कुमार, मुख्य आरक्षी रणधीर सिंह, आरक्षी अमित त्रिपाठी शामिल हैं.
इसके अलावा मथुरा के उप निरीक्षक अजय कुमार वर्मा, गाजियाबाद के निरीक्षक मनीष बिष्ट और मैनपुरी के उप निरीक्षक अवनीश कुमार त्यागी को भी मुख्यमंत्री ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया. इस मौके पर सीएम ने इन पुलिसकर्मियों को बधाई भी दी.
इंटरसेप्टर वाहनों की फ्लैग-ऑफ, पुस्तक 'संघर्ष' का विमोचन
सुरक्षा बल को आधुनिक संसाधनों से लैस करने के संकल्प को दोहराते हुए सीएम योगी ने पुलिस विभाग के 87 नए इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर बेड़े में शामिल किया. ये वाहन प्रदेश में तेज रफ्तार और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नकेल कसने में कारगर साबित होंगे. इसी मंच से मुख्यमंत्री ने पुलिस सुधारों पर केंद्रित पुस्तक 'संघर्ष' का विमोचन भी किया.
आधुनिक प्रयोगों व केस स्टडीज की जानकारी
इस पुस्तक में उत्तर प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के व्यावहारिक अनुभवों, चुनौतियों और दुनिया भर में पुलिसिंग सुधारों को लेकर किए जा रहे आधुनिक प्रयोगों व केस स्टडीज की विस्तृत जानकारी दी गई है.
सुरक्षा और यातायात अनुशासन का नया अध्याय
लोकभवन में आयोजित यह समारोह यूपी पुलिस के बढ़ते मनोबल और प्रदेश में सुदृढ़ होती कानून-व्यवस्था का स्पष्ट प्रतीक है. वीरता पदकों का वितरण जहां कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों के योगदान पर मुहर लगाता है, वहीं आधुनिक इंटरसेप्टर वाहनों की तैनाती से राज्य की सड़कों पर सुरक्षा और यातायात अनुशासन का एक नया अध्याय शुरू होगा.
यह भी पढ़िए: बारिश ने बदला यूपी पुलिस सिपाही भर्ती दौड़ का प्लान, 9 केंद्रों की परीक्षा टली; जानें नया शेड्यूल