यूपी में आज जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट, 16 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम; 4 जनवरी को आएगी फाइनल सूची
यूपी में आज 17 नवंबर को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होगी. 16 दिसंबर तक नाम जुड़वाने और सुधार का मौका मिलेगा. जानें कैसे चेक करें नाम और कब आएगी फाइनल लिस्ट.
लखनऊ: यूपी के मतदाताओं के लिए आज का दिन बहुत अहम है. चुनाव आयोग आज प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी करेगा. CEO नवदीप रिणवा लिस्ट जारी करेंगे. इसके साथ ही वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने, कटवाने और सुधार कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी. आज यानी 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता अपना दावा और आपत्ति दर्ज करा सकेंगे. ड्राफ्ट लिस्ट में अपना नाम आप चुनाव आयोग की वेबसाइट पर चेक कर सकते हैं.
16 दिसंबर तक मिलेगा मौका
ड्राफ्ट लिस्ट आने के बाद करीब एक महीने तक दावे-आपत्तियां ली जाएंगी. अगर आपका नाम लिस्ट में नहीं है, तो आप नाम जुड़वा सकते हैं. नाम, पता या किसी और जानकारी में गलती है तो सुधार भी करा सकते हैं.अगर किसी अपात्र व्यक्ति का नाम लिस्ट में है, तो उसके खिलाफ भी आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है. सभी आवेदनों की जांच के बाद निर्वाचन अधिकारी उनका निस्तारण करेंगे.
SIR में नाम कटा तो भी भर सकेंगे Form-6
SIR-2026 के दौरान जिन लोगों का नाम वोटर लिस्ट से छूट गया है, उनके लिए भी राहत है. ऐसे वोटर दोबारा Form-6 भरकर नाम जुड़वा सकते हैं. मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के मुताबिक, सिर्फ इस आधार पर कि किसी ने दोबारा Form-6 भरा है, उसके खिलाफ जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 31 के तहत कार्रवाई नहीं होगी. लेकिन शर्त ये है कि आवेदक का नाम किसी दूसरी विधानसभा या संसदीय क्षेत्र की लिस्ट में पहले से दर्ज नहीं होना चाहिए. Form-6 में दी गई जानकारी सही होनी चाहिए.
पहली बार वोट देने वालों के लिए मौका
जिन युवाओं की उम्र 1 जनवरी 2027 को 18 साल या उससे ज्यादा हो जाएगी, वे भी Form-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं. अपना नाम voters.eci.gov.in पर चेक कर सकते हैं. इसके अलावा अपने BLO या निर्वाचन कार्यालय से भी संपर्क कर सकते हैं.
4 जनवरी को आएगी फाइनल लिस्ट
दावे-आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक पूरा किया जाएगा. इसके बाद 4 जनवरी 2027 को यूपी की फाइनल वोटर लिस्ट जारी होगी. इसलिए आज ही अपना नाम जरूर चेक करें. अगर नाम छूट गया है तो 16 दिसंबर से पहले आवेदन कर दें.
तारीखें नोट कर लें
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट: 17 नवंबर 2026
दावे-आपत्ति की आखिरी तारीख: 16 दिसंबर 2026
निस्तारण: 28 दिसंबर 2026 तक
फाइनल लिस्ट: 4 जनवरी 2027अर्हता तिथि: 1 जनवरी 2027
यूपी में SIR अभियान में नया प्लान: राशन की दुकानों से खोजे जाएंगे छूटे मतदाता, महिलाओं-युवाओं पर फोकस
यूपी में 3,786 बूथ घटे; कहीं आपका मतदान केंद्र तो नहीं बदलेगा? घर बैठे ऐसे चेक करेंगे तो मिलेगी पूरी जानकारी