BJP कार्यालय में SIR को लेकर बैठक, छूटे नाम जोड़ने पर रहेगा फोकस, सभी जिलों के पदाधिकारी बुलाए गए
यूपी में SIR अभियान को लेकर भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आज लखनऊ में होगी. सीएम योगी दोपहर 12:30 बजे संबोधित करेंगे.
विशाल सिंह/लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर भाजपा आज बड़ी तैयारी में है. पार्टी की ओर से आज प्रदेश स्तरीय कार्यशाला बुलाई गई है. यह कार्यशाला सुबह 10 बजे लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शुरू होगी.
इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर पदाधिकारियों को मार्गदर्शन देंगे. दोपहर 12:30 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यशाला को संबोधित करेंगे. बैठक में मतदाता सूची से करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने को लेकर चर्चा की जाएगी. पार्टी का मुख्य फोकस मतदाता सूची से छूटे पात्र लोगों के नाम दोबारा जुड़वाने और गलत प्रविष्टियों में सुधार कराने पर रहेगा.
कौन-कौन रहेगा मौजूद?
इस कार्यशाला में प्रदेश भर से संगठन के बड़े चेहरे जुटेंगे. सभी जिलों के भाजपा अध्यक्ष, जिला प्रभारी और विधानसभा क्षेत्र के मतदाता सूची प्रमुख, जिला और विधानसभा स्तर के आईटी संयोजक, काशी समेत सभी संगठनात्मक क्षेत्रों के पदाधिकारी शामिल होंगे.
SIR को लेकर बनेगी प्रदेशव्यापी रणनीति
कार्यशाला का मकसद SIR अभियान को लेकर एक साफ और प्रदेशव्यापी रणनीति बनाना है.
इसमें खास तौर पर इन बातों पर फोकस रहेगा
योग्य मतदाताओं का नाम सूची में जुड़वाना
गलत प्रविष्टियों में सुधार कराना
बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय करना
अभियान में संगठन की भूमिका को मजबूत करना
2027 चुनाव से पहले मतदाता सूची पर भाजपा का फोकस
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यह बैठक भाजपा के लिए काफी अहम मानी जा रही है. पार्टी का पूरा जोर बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने पर है. कार्यशाला में जिला और विधानसभा स्तर के पदाधिकारियों को बताया जाएगा कि SIR के दौरान उन्हें क्या-क्या करना है, उनकी जिम्मेदारी क्या होगी और काम का तरीका क्या रहेगा. छूटे हुए मतदाताओं तक पहुंचने, पात्र लोगों का नाम जुड़वाने और गलत विवरण को ठीक कराने में कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विशेष जोर दिया जाएगा.
लखनऊ में छठ की तैयारी पूरी, 110 घाट तैयार; जीरो वेस्ट पर फोकस, CM योगी करेंगे समीक्षा बैठक