SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

यूपी में सपा-कांग्रेस के PDA को सीधी चुनौती: ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन का ऐलान आज, अखिलेश यादव को आजाद की दो टूक

यूपी की सियासत में थर्ड फ्रंट की एंट्री होने वाली है. लखनऊ में आज भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी गठबंध का ऐलान करने वाले हैं. इस बीच आजाद ने अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार कर दिया है.

Written By Pooja Singh
Published: Nov 12, 2026, 08:47 AM IST | Updated: Nov 12, 2026, 08:55 AM IST
Join

उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नया मोड़ आ गया है. भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बीच गठबंधन पर सहमति बनने की खबर सामने आई है. दोनों नेता आज दोपहर 12 बजे लखनऊ के दयाल पैराडाइस होटल में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. इसमें गठबंधन और उसके नाम का औपचारिक ऐलान किया जाएगा. यूपी की राजनीति में इसे तीसरे मोर्चे की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है.

अखिलेश यादव पर चंद्रशेखर आजाद का निशाना
इस बीच आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने यूपी की राजनीति, संभावित गठबंधन और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि जो भी होगा, वह समय आने पर सबके सामने आ जाएगा. उन्होंने जोर देकर कहा कि यूपी के किसानों, युवाओं, गरीबों और वंचित वर्ग को ताकत देने और उन्हें मुख्यधारा में लाने के लिए जो भी प्रयास करने होंगे, वे करेंगे. उन्होंने जनता का विश्वास जीतकर मजबूती से लड़ाई लड़ने की बात कही.

अखिलेश यादव के बयान पर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि इसका असली निर्णय चुनाव में ही होगा. भाजपा की नीतियों से असहमति जताते हुए उन्होंने कहा कि जनता किसके साथ है, इसका फैसला खुद जनता ही करेगी.

यूपी AIMIM अध्यक्ष ने क्या कहा?
दूसरी ओर, मीडिया से बातचीत के दौरान यूपी AIMIM अध्यक्ष शौकत अली ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर सीधा निशाना साधा. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी शुरू से ही चाहती थी कि एक मजबूत गठबंधन बने, ताकि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार तीसरी बार न बन सके. AIMIM नेता ने दावा किया कि उन्होंने इसके लिए सपा, बसपा और इंडिया गठबंधन से काफी कोशिश की, लेकिन इन दलों में अहंकार आ गया है.

बिहार विधानसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां भी अहंकार के चलते गठबंधन को नुकसान उठाना पड़ा था और 2027 के यूपी चुनाव में भी सपा का यही हाल होगा.

सपा प्रमुख के दावे पर किया पलटवार
अखिलेश यादव के 95 प्रतिशत लोगों के पीडीए के साथ आने के दावे पर पलटवार करते हुए यूपी AIMIM अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें नहीं मालूम कि वे किस सपने में जी रहे हैं. उन्होंने 2017 के यूपी विधानसभा चुनाव की याद दिलाते हुए कहा कि उस समय नोटबंदी जैसे मुद्दे और अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री रहते हुए भी सपा-कांग्रेस गठबंधन बुरी तरह हारा था और भाजपा 325 सीटें जीतकर सत्ता में आई थी. उन्होंने सवाल उठाया कि अब उनके पास ऐसी कौन सी जादू की छड़ी है, जिससे वे भाजपा को रोक पाएंगे.

पारिवारिक राजनीति पर कसा तंज
पारिवारिक राजनीति पर तंज कसते हुए शौकत अली ने कहा कि सपा और कांग्रेस के कई पारिवारिक सदस्य खुद बीजेपी में शामिल हैं. चाहे वे मेनका गांधी, वरुण गांधी हों या अपर्णा यादव, हरिओम यादव और धर्मेंद्र यादव के रिश्तेदार. इसके अलावा, उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और विपक्ष की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए.

विपक्ष पर लगाए संगीन आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि सीआरपीएफ कैंप हमले के मामले में कोर्ट से बरी हो चुके एक मुस्लिम व्यक्ति की हत्या के मामले में सत्ता पक्ष के साथ-साथ विपक्ष भी पूरी तरह खामोश है. उन्होंने कहा कि जब अल्पसंख्यकों पर अन्याय होता है, तो विपक्ष अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय चुप्पी साध लेता है.

दलित और मुस्लिम मतदाताओं पर नजर
चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन से राजनीतिक दलों की टेंशन बढ़ सकती है. दोनों की नजर दलित और मुस्लिम मतदाताओं पर है. आपको बता दें, प्रदेश की कुल आबादी में अनुसूचित जाति (करीब 20.7%) और मुस्लिम (लगभग 19.26%) मतदाताओं की संयुक्त हिस्सेदारी 40 फीसदी के आसपास है, जो राज्य की 84 आरक्षित और करीब 120 मुस्लिम बहुल सीटों के नतीजे तय करने में निर्णायक भूमिका निभाती है.

चुनावी रणनीति के लिए भी नई चुनौती
नगीना लोकसभा सीट से चंद्रशेखर की बड़ी जीत ने उन्हें एक मजबूत दलित चेहरे के रूप में उभारा है, वहीं 2017 की तुलना में 2022 के विधानसभा चुनाव में AIMIM का वोट बैंक दोगुने से अधिक होकर करीब 4.5 लाख तक पहुंचा है. लगभग 150 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा यह तीसरा मोर्चा सपा-कांग्रेस के PDA समीकरण के साथ-साथ भाजपा की चुनावी रणनीति के लिए भी नई चुनौती बन सकता है.

औपचारिक ऐलान पर टिकी सबकी नजर
हालांकि, जानकारों का मानना है कि महज जातीय और धार्मिक आंकड़ों के आधार पर इस पूरे वोट बैंक को अपने पाले में लाना आसान नहीं होगा. इस गठबंधन की असली कामयाबी जमीनी स्तर पर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के आपसी तालमेल, मजबूत उम्मीदवारों के चयन और स्थानीय मुद्दों पर इनकी पकड़ पर निर्भर करेगी, जिसके लिए अब सबकी निगाहें लखनऊ में होने वाले औपचारिक ऐलान पर टिकी हैं.

यह भी पढ़िए: पूर्वांचल पिछड़ा था, मुख्य धारा में लाने के लिए सीएम योगी प्रयासरत्न: ओम प्रकाश राजभर बोले- आजमगढ़ को सभी जातियों का गढ़ बनाएंगे

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES