2027 का यूपी संग्राम: 'ट्रिपल-एस' फॉर्मूले से किलेबंदी की तैयारी, बीजेपी ने ग्राउंड जीरो पर झोंकी ताकत
यूपी विधानसभा चुनावों का बिगुल बजने से पहले ही बीजेपी ने अपनी बिसात बिछानी शुरू कर दी है. पार्टी ने मिशन 2027 की जीत पक्की करने के लिए 'ट्रिपल-एस' का नया फॉर्मूला तैयार किया है. इसका उद्देश्य संगठन, सरकार और सहयोगियों के साथ तालमेल कायम करना है.
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति पर काम तेज कर दिया है. पार्टी मिशन 2027 की सफलता के लिए ट्रिपल 'एस' यानी संगठन, सरकार और सहयोगियों के साथ बेहतर तालमेल पर फोकस कर रही है. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने दो दिवसीय गोरखपुर प्रवास के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में जुटने का संदेश दिया.
पार्टी का जोर संगठन को मजबूत करने के साथ कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर है. इसके अलावा सहयोगी दलों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की रणनीति भी तैयार की जा रही है.
कार्यकर्ताओं में जोश भरने की रणनीति
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं. प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी कार्यकर्ताओं में जोश भरने और उन्हें पार्टी की असली ताकत बताया था. बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और चुनावी अभियान को धार देने पर जोर दिया गया.
भाजपा अब प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में भीड़ जुटाने और जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए कार्यक्रम आयोजित कर रही है. पार्टी ने 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' पदयात्राओं के जरिए सूबे में चुनावी माहौल बनाने की कोशिश की है.
दीपावली के बाद अभियान को मिलेगी और धार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के घर जाने के साथ ही नितिन नवीन ने पार्टी के तमाम पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. इस दौरान सहयोगी दलों को भी साथ लेकर चलने का संदेश दिया गया. पार्टी पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वांचल तक संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर रही है. गाजियाबाद में रालोद नेताओं के साथ साझा कार्यक्रमों में भी भाजपा नेताओं की मौजूदगी देखने को मिली.
वहीं सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर लगातार सपा और अखिलेश यादव पर हमलावर हैं. दीपावली के बाद भाजपा अपने चुनावी अभियान को और तेज करेगी. पार्टी क्षेत्रवार रणनीति बनाकर संगठन की मजबूती, सरकार के कामकाज और सहयोगी दलों के साथ तालमेल को चुनावी सफलता का आधार बनाने की तैयारी में है.
गोरखपुर दौरा भी चुनावी नजरिए से अहम
नितिन नवीन का दो दिवसीय गोरखपुर प्रवास भी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा. प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जिले में उनकी मौजूदगी के दौरान भाजपा अध्यक्ष ने पांच कार्यक्रमों में भागीदारी की. इसके अलावा उन्होंने पार्टी की कोर कमेटी के साथ भी मंथन किया.
(लखनऊ से मयूर शुक्ला की रिपोर्ट)
यह भी पढ़िए: मिशन 2027: संघ के सहारे बूथ मजबूत करने की तैयारी, जानिए क्या है बीजेपी का 'डोर-टू-डोर' प्लान?