)
त्योहारों का मौसम अपनों के बीच लौटने, खुशियां बांटने और घरों को रोशन करने का समय होता है, लेकिन यूपी के कुशीनगर और बाराबंकी से दो दर्दनाक घटनाओं ने त्योहार की खुशियों पर ग्रहण लगा दिया. दीपावली मनाने अपने घर जा रहे यात्रियों के लिए यह सफर जिंदगी का सबसे डरावना सपना बन गया.
कुशीनगर में दर्दनाक सड़क हादसा
पहली घटना कुशीनगर जिले के पटहेरवा थाना क्षेत्र की है. यहां लबनिया चौराहे के पास दिल्ली से बिहार के मोतिहारी जा रही यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बस की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और हर तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया. बस में सवार सभी यात्री त्योहार मनाने अपने घर लौट रहे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए.
हादसे में मासूम समेत तीन लोगों की मौत
सूचना मिलते ही पटहेरवा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया. इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्ची ने कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. मृतकों में मोतिहारी के दो पुरुष और एक बच्ची शामिल हैं. जबकि, 6 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. दो गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.
लखनऊ से गोंडा जा रही कार गैस टैंकर से भिड़ी
दूसरी घटना बाराबंकी जिले के मसौली थाना क्षेत्र की है, जहां नयागांव स्थित सीएनजी पेट्रोल पंप के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ. लखनऊ से गोंडा अपने घर दीपावली मनाने जा रहा सुजीत वर्मा का पूरा परिवार सड़क हादसे का शिकार हो गया. गोंडा-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनकी कार सामने से आ रहे एक अनियंत्रित गैस टैंकर से आमने-सामने टकरा गई.
एक ही परिवार के 7 लोग घायल
टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के अगले हिस्से की पूरी तरह परखच्चे उड़ गए. कार में सवार सुजीत वर्मा, हार्दिक वर्मा, कंचन लता, रंजना वर्मा, मनसा वर्मा, शकुंतला देवी और 10 वर्षीय मासूम सोना गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े. मसौली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है. इस दुर्घटना के कारण राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और भीषण जाम लग गया, जिसे पुलिस ने बाद में सुचारु कराया.
(कुशीनगर से प्रमोद कुमार और बाराबंकी से नितिन श्रीवास्तव की रिपोर्ट)