)
नक्सलवाद पर महाराष्ट्र ATS ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ठाणे जिले के ठाकुर्ली इलाके से एक नक्सली को गिरफ्तार किया है. जानकारी के मुताबिक, यह नक्सली झारखंड के जंगलों का रहने वाला है. झारखंड सरकार की ओर से इस नक्सली पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित हो रखा है. सूत्रों ने बताया कि आरोपी पिछले 10 दिनों से ठाकुर्ली में रह रहा था. गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय सरोज यादव उर्फ संजय गोदराय उर्फ बुधराम (45 वर्ष) के रूप में हुई है. आरोपी महाराष्ट्र में क्यों और किस मकसद से आया था, इसकी जांच की जा रही है. फिलहाल, पुलिस आज (शनिवार, 7 नवंबर) आरोपी को एटीएस कोर्ट में पेश करेगी.
आरोपी की गतिविधियां जांच रही ATS
एटीएस यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या वह ठाकुर्ली में किसी संपर्क में था, क्या किसी संगठन के लिए काम कर रहा था या फिर यहां छिपने के इरादे से आया था. जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने पिछले 10 दिनों में किस-किस से मुलाकात की है और कहां-कहां गया, उसकी जांच की जा रही है. बता दें कि इससे पहले 24 अक्टूबर को, महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने मुंबई के माहिम इलाके से 33 वर्षीय एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया था. उस पर प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने का शक था.
हाल ही में पकड़ा गया था एक संदिग्ध आतंकी
आरोपी की पहचान मोहम्मद हसन अबू सरमद अख्तर के रूप में हुई थी. उसे एक गुप्त सूचना के आधार पर महाराष्ट्र एटीएस की कालाचौकी यूनिट ने माहिम मेट्रो स्टेशन के पास से पकड़ा गया था. जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी रैपिडो राइडर और इत्र विक्रेता के तौर पर काम करने की आड़ में कट्टरपंथी विचारधारा का प्रचार कर रहा था. एटीएस ने बताया था कि वह विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए सांप्रदायिक नफरत और राष्ट्र-विरोधी भावनाएं फैलाने की कोशिश कर रहा था. जांच टीम को उसके मोबाइल फोन से ऐसी गतिविधियों से जुड़ी सामग्री भी मिली थी.
जैश आतंकी का समर्थक था आरोपी
एजेंसी के मुताबिक, आरोपी एक टेलीग्राम ग्रुप चलाता था. आरोप है कि उसने 1 जून को इस ग्रुप पर जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मौलाना मसूद अजहर के भड़काऊ ऑडियो भाषण अपलोड किए थे, जो बाबरी मस्जिद और अन्य मुद्दों से जुड़े थे. एटीएस ने यह भी दावा किया कि वह 'इब्न-ए-कासिम' नाम के एक पाकिस्तान-समर्थित चरमपंथी टेलीग्राम चैनल का सक्रिय सदस्य था.
रिपोर्ट- आईएएनएस