)
विशाल सिंह/लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने अभी से कमर कस ली है. इस बार भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी चुनौती सिर्फ अपनी सीटें बढ़ाना नहीं है, बल्कि अपने सहयोगी दलों को भी साथ लेकर चलना है. इसी को लेकर पार्टी के अंदर सीट बंटवारे पर नया फॉर्मूला तैयार हो रहा है.सूत्रों की मानें तो इस बार मांग नहीं, केवल जीत को आधार बनाया जाएगा. यानी जिस सीट पर जिस दल के उम्मीदवार के जीतने की संभावना सबसे ज्यादा होगी, वो सीट उसी को मिलेगी.
बीजेपी अब सिर्फ सहयोगी दल की मांग पर सीट नहीं देगी. इसके लिए तीन चीजें देखी जाएंगी.
1. उस इलाके में किस दल की पकड़ मजबूत है
2. जातीय समीकरण किसके पक्ष में है
3. उम्मीदवार कितना लोकप्रिय और जिताऊ है
पिछले चुनावों का रिकॉर्ड और संगठन की ताकत भी इसमें अहम रोल निभाएगी.
सबसे ज्यादा पेंच उन सीटों पर फंसेगा, जहां मुकाबला बेहद कांटे का रहने वाला है. सूत्रों के मुताबिक, वहीं कांटे की टक्कर वाली सीटों पर BJP कोई जोखिम न लेते हुए खुद अपने प्रत्याशी उतार सकती है और जरूरत पड़ने पर सहयोगी दल के उम्मीदवारों को भाजपा के चुनाव चिह्न पर भी मैदान में उतारा जा सकता है. इससे बीजेपी को अपनी संगठनात्मक ताकत का पूरा फायदा मिलेगा और सीट हाथ से भी नहीं जाएगी.
इस कवायद के बीच एनडीए खेमे में सहयोगी दलों की बढ़ती सीट मांगों और आपसी दावेदारी को साधने के लिए पार्टी नेतृत्व संतुलन बनाने में जुटा है, ताकि गठबंधन की मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतरा जा सके.
यूपी में अपना दल (एस), निषाद पार्टी और सुभासपा जैसे सहयोगी दलों की अपनी-अपनी दावेदारी है. हर दल ज्यादा से ज्यादा सीटें चाहता है. ऐसे में बीजेपी को सबको साथ लेकर चलना और जीत को भी पक्का करना, दोनों काम एक साथ करने हैं. बताया जा रहा है कि दिसंबर तक सीट बंटवारे की पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी. फिलहाल अंदरखाने में मंथन जारी है.अब देखना ये होगा कि बीजेपी अपने सहयोगियों की नाराजगी से बचते हुए 2027 का किला कैसे फतह करती है.