2027 की बिसात बिछाने में जुटी BJP, यूपी की 403 सीटों पर प्रभारी तैनात, हारी हुई सीटों पर MLC लड़ सकते हैं चुनाव
बीजेपी ने यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की मंजूरी के बाद जारी सूची में संगठन के नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है. पार्टी ने संगठनात्मक प्रांतों के हिसाब से सभी सीटों पर प्रभारियों की तैनाती की है.
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी बिसात बिछाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी संगठनात्मक तैयारियों को तेज कर दिया है. पार्टी नेतृत्व ने बुधवार को प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति कर दी. बीजेपी के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों के अध्यक्षों ने यह सूची जारी की. जिसमें कई रणनीतिक बदलाव देखने को मिले हैं, जो आगामी चुनाव के लिए पार्टी की नई कार्ययोजना की ओर इशारा करते हैं.
ये है बीजेपी की खास रणनीति
इस संगठनात्मक फेरबदल में बीजेपी ने एक खास रणनीति अपनाई है. पार्टी ने टिकट के दावेदारों को उनके गृह क्षेत्र के बजाय दूसरी विधानसभा सीटों पर संगठन मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी है. मुरादाबाद की बिलारी सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे सुरेश सैनी को अमरोहा विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है. वे इससे पहले 2012, 2016 के उपचुनाव और 2017 में चुनाव लड़ चुके हैं, हालांकि उन चुनावों में उन्हें सफलता नहीं मिली थी.
ठीक ऐसे ही मेरठ की सिवालखास सीट से दावेदारी कर रहीं मीनाक्षी भराला को गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र की कमान दी गई है. वहीं, सीएम योगी के निर्वाचन क्षेत्र गोरखपुर सदर पर पार्टी ने एक बार फिर विवेकानंद वर्मा पर भरोसा जताते हुए उन्हें दोबारा प्रभारी नियुक्त किया है.
कहां-कितने प्रभारी हुए नियुक्त?
संगठनात्मक प्रांतों के हिसाब से बीजेपी ने सभी विधानसभा सीटों पर प्रभारियों की नियुक्ति की है. जिनमें अवध क्षेत्र में 82, काशी क्षेत्र में 71, पश्चिमी यूपी में 71, ब्रज क्षेत्र में 65, गोरखपुर क्षेत्र में 62 और कानपुर-बुंदेलखंड में 52 प्रभारी नियुक्त किए गए हैं.
MLC को चुनावी मैदान में उतार सकती है बीजेपी
प्रभारियों की नियुक्ति के साथ ही पार्टी में एक और बड़ी चुनावी योजना की चर्चा तेज हो गई है. सूत्रों के मुताबिक, इस बार बीजेपी विधान परिषद के सदस्यों (MLC) को विधानसभा चुनाव के मैदान में उतारने पर विचार कर रही है. इस रणनीति के तहत कई मौजूदा विधायकों के टिकट कट सकते हैं.
हारी हुई सीटों पर बीजेपी का फोकस
बताया जा रहा है कि नेतृत्व की ओर से सभी एमएलसी को अपने-अपने संभावित क्षेत्रों में जनसंपर्क बढ़ाने, स्थानीय समीकरण साधने और जमीनी स्तर पर सक्रिय होने के निर्देश दिए गए हैं. पार्टी खासकर उन विधानसभा सीटों पर फोकस कर रही है, जहां पिछले चुनाव में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा था.
पार्टी का मानना है कि इन कमजोर सीटों पर विधान परिषद के अनुभवी और कद्दावर चेहरों को उतारने से न सिर्फ संबंधित सीट पर मुकाबला मजबूत होगा, बल्कि इसका सकारात्मक प्रभाव आसपास की अन्य सीटों के चुनावी समीकरणों पर भी पड़ेगा.
यह भी पढ़िए: पूर्व सांसद और CBI के पूर्व अफसर ने थामा बीजेपी का दामन: पीएम मोदी और सीएम योगी के कामों से प्रभावित