SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

विकास के दावे, अधूरे प्रोजेक्ट्स के आरोप और जातीय समीकरण, 2027 में PDA पलटेगा बाजी? समझिए बलिया नगर का गणित

2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बलिया नगर विधानसभा (361) में सरगर्मियां तेज हो गई है. 2022 में बीजेपी उम्मीदवार दयाशंकर सिंह ने सपा के प्रत्याशी को शिकस्त देकर हासिल की थी. यहां ब्राह्मण और वैश्य जाति निर्णायक भूमिका अदा करती है.

Written By Pooja Singh
Published: Nov 13, 2026, 18:50 IST | Updated: Nov 13, 2026, 18:56 IST
Join

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ ही पूर्वांचल की हॉट सीटों में शुमार बलिया नगर विधानसभा (361) में सियासी पारा चढ़ने लगा है. जिला मुख्यालय होने के कारण बलिया की सातों विधानसभाओं में यह सीट सबसे महत्वपूर्ण मानी जाती है. 

2022 के चुनाव में बीजेपी के दयाशंकर सिंह ने सपा के नारद राय को हराकर जीत दर्ज की थी, जिसके बाद उन्हें योगी सरकार में परिवहन मंत्री का जिम्मा मिला. अब 2027 की बिसात बिछने लगी है और शहर के चौक-चौराहों पर विकास के दावों और हकीकत को लेकर बहस तेज हो गई है.

विकास की रफ्तार और जनता की उम्मीदें
स्थानीय मतदाताओं के अनुसार, आजादी के बाद से ही यह क्षेत्र शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार और बिजली जैसी बुनियादी चुनौतियों से जूझ रहा है. मतदाताओं का मानना है कि अन्य जनपदों के मुकाबले बलिया में विकास की गति धीमी रही है. उनका कहना है कि वर्तमान विधायक और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के प्रयासों से मेडिकल कॉलेज ,जेल ,रोडवेज, कटहर नाला सुंदरीकरण जैसे बड़े प्रोजेक्ट स्वीकृत जरूर हुए हैं, लेकिन इनमें से अधिकांश योजनाएं अभी धरातल पर पूरी तरह आकार नहीं ले सकी हैं.

क्या कहते हैं राजनीतिक विश्लेषक?
कुछ लोगों का कहना है इस समय सीमा के अंदर विकास कार्यों को पूरा करना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी होती है. वहीं, बलिया नगर के सियासी मिजाज पर पॉलिटिकल एक्सपर्ट अखिलेश सिंह का कहना है कि बलिया नगर विधानसभा में जातीय समीकरण एक बड़ा फैक्टर होता है, लेकिन इस बार चुनाव जाति से ज्यादा पैसे पर आधारित होगा. जो कैंडिडेट सबसे ज्यादा पैसा खर्च करेगा, उसके जीत की गुंजाइश ज्यादा होगी.

अखिलेश सिंह का कहना है कि भाजपा और सपा के बीच बलिया नगर विधानसभा में सीधी टक्कर दिखाई दे रही है. हालांकि, बलिया में विकास हमेशा एक मुद्दा रहा है, लेकिन विकास की रफ्तार इतनी धीमी है कि लोग विकास के नाम पर वोट देने के बजाय जाति और उम्मीदवार के चुनावी प्रबंधन पर ज्यादा जोर देते हैं.

यह भी पढ़िए: 2027 से पहले BJP का बड़ा दांव: सपा के गढ़ में सेंध लगाने की तैयारी, 61 सीटों पर चुनावी रोडमैप तैयार

जानिए परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का पक्ष
अधूरे प्रोजेक्ट्स के सवाल पर वर्तमान विधायक और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का कहना है कि आजादी के बाद से बलिया नगर विधानसभा में सबसे ज्यादा विकास उन्हीं ने कराया है. मेडिकल कॉलेज बनने की तैयारी है. नए जेल का निर्माण जल्द ही शुरू हो जाएगा. बलिया जिला चिकित्सालय में क्रिटिकल केयर का भी निर्माण कार्य शुरू हो चुका है. इतना ही नहीं अत्याधुनिक रोडवेज बस स्टैंड का निर्माण प्रगति पर है.

जानिए क्या है 2027 का विजन?
दयाशंकर सिंह का कहना है कि बलिया नगर विधानसभा में कदम चौराहे से लेकर दुबहड तक, महावीर घाट से लेकर कदम चौराहे तक, शंकरपुर से लेकर ब्रह्माइन तक का सड़क चौड़ीकरण किया जा चुका है. इसके अलावा मेडिकल बाईपास भी बनने जा रहा है. इसके साथ ही सीवरेज के लिए एसटीपी तैयार है और जल्दी ही इसकी शुरुआत हो जाएगी. मंत्री दया शंकर सिंह का यह भी कहना है कि अगर 2027 में उन्हें टिकट मिलता है और जीत दर्ज करते हैं तो उनका सपना है कि बलिया में इंजीनियरिंग कॉलेज की भी स्थापना की जाए.

सपा का पलटवार
दूसरी तरफ, समाजवादी पार्टी के संभावित उम्मीदवार रामजी गुप्ता ने वर्तमान विधायक के दावों को खारिज किया है. उनका कहना है कि सपा काल में बलिया नगर विधानसभा का सबसे ज्यादा विकास हुआ, लेकिन वर्तमान विधायक दयाशंकर सिंह ने बलिया के विकास की जगह विनाश किया है.

'प्रोजेक्ट आए पर जमीन पर कुछ पूरा नहीं हुआ'
रामजी गुप्ता का कहना है कि विकास के नाम पर प्रोजेक्ट तो आए, लेकिन 5 साल में कोई भी प्रोजेक्ट पूरा नहीं हुआ. न मेडिकल कॉलेज बन पाया, ना हीं कटहर नाले का पूरी तरीके से सुंदरीकरण हो पाया और ना ही जनता को आधुनिक रोडवेज मिल पाया. शहर में जाम से लेकर बिजली कटौती और सड़कों की बदहाली जनता के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है. आगामी विधानसभा को लेकर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अपनी नीतियों और पीडीए समाज के साथ विधानसभा चुनाव में उतरेगी.

(बलिया से मनोज चतुर्वेदी की रिपोर्ट)

यह भी पढ़िए: 2027 की तैयारी तेज: यूपी के छह क्षेत्रों में BJP लगाएगी दूसरे राज्यों के दिग्गजों की ड्यूटी

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES