'सपा का पुलाव नहीं, हैदराबादी बिरयानी खा रहा मुसलमान', इसरार अहमद का बड़ा बयान
यूपी चुनाव 2027 से पहले AIMIM नेता इसरार अहमद ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा. आजम खान, मुस्लिम वोट और चंद्रशेखर आजाद को लेकर क्या बोले?
विशाल सिंह/लखनऊ: 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यूपी में मुस्लिम वोटों को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है. AIMIM के पूर्वांचल अध्यक्ष इसरार अहमद ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा मुसलमानों का वोट तो लेती है, लेकिन उनके मुद्दों पर आवाज नहीं उठाती.आजम खान का जिक्र करते हुए इसरार ने कहा कि उनके साथ समाजवादी पार्टी ने क्या किया, अखिलेश यादव को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए. उन्होंने दावा किया कि अब यूपी का मुसलमान सपा का पुलाव नहीं, बल्कि हैदराबादी बिरयानी खा रहा है।'
आजम खान के लिए सपा से ज्यादा AIMIM ने उठाई आवाज
'इसरार अहमद ने आजम खान के मामले को लेकर भी अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि जब आजम खान मुश्किल दौर से गुजर रहे थे, तब समाजवादी पार्टी ने उनके लिए क्या किया? इसरार का दावा है कि आजम खान के समर्थन में AIMIM ने सपा से ज्यादा आवाज उठाई।उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने पिछले चार-पांच साल में मुसलमान शब्द तक नहीं लिया। उनके मुताबिक, समाजवादी पार्टी मुस्लिम वोटों का राजनीतिक फायदा तो उठाती है, लेकिन समुदाय के मुद्दों पर अपेक्षित भूमिका नहीं निभाती.
'यूपी का मुसलमान अब सपा का पुलाव नहीं खा रहा'
अपने बयान में इसरार अहमद ने पुलाव और हैदराबादी बिरयानी का जिक्र करते हुए सपा पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि इतने सालों तक मुसलमानों और आजम खान ने पुलाव खाया, इसी वजह से आजम खान को पांच साल जेल में रहना पड़ा. उन्होंने दावा किया कि अब मुस्लिम मतदाता सपा से आगे बढ़कर अपनी अलग राजनीतिक पसंद और नेतृत्व की तरफ देख रहा है. इसरार ने मुसलमानों की पहली पसंद असदुद्दीन ओवैसी को बताया और कहा कि नेतृत्व का फैसला समुदाय को करना है.
कल्याण सिंह के फॉर्मूले पर BJP का भरोसा, यूपी में बूथ जीतने की तैयारी तेज
अखिलेश पर हिंदुत्व कार्ड खेलने का आरोप
इसरार अहमद ने अखिलेश यादव पर हिंदुत्व की राजनीति करने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रमुख अपनी डूबती राजनीतिक नैया बचाने के लिए हिंदुत्व कार्ड खेल रहे हैं, लेकिन इसमें भी सफल नहीं हो रहे. उन्होंने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का जिक्र करते हुए कहा कि इसके बाद अखिलेश यादव की राजनीतिक प्राथमिकताएं खत्म हो गई हैं. इसरार ने सपा की मौजूदा स्थिति को 'न घर के न घाट के' जैसा बताया.
चंद्रशेखर आजाद को बताया यूपी का अगला मुख्यमंत्री
AIMIM नेता ने दलित-मुस्लिम गठजोड़ को लेकर भी बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में दलित और मुस्लिम एकजुटता नया समीकरण बन सकती है. इसरार अहमद ने चंद्रशेखर आजाद को यूपी का अगला मुख्यमंत्री बनने वाला नेता बताया. उनका दावा है कि आजाद समाज पार्टी और AIMIM के गठबंधन से अखिलेश यादव की राजनीति कमजोर होगी. इसरार ने कहा कि मुस्लिम समाज अब अपने राजनीतिक नेतृत्व और हिस्सेदारी को लेकर फैसला करेगा. उन्होंने एक बार फिर असदुद्दीन ओवैसी को मुस्लिम समुदाय की पहली पसंद बताते हुए कहा कि नेतृत्व का अंतिम निर्णय समुदाय के बीच से होगा.
कुल मिलाकर, 2027 विधानसभा चुनाव से पहले AIMIM ने सपा के पारंपरिक मुस्लिम समर्थन आधार को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं. आजम खान से लेकर चंद्रशेखर आजाद तक के मुद्दों के जरिए पार्टी अखिलेश यादव को राजनीतिक चुनौती दे रही है.
यूपी चुनाव से पहले महिलाओं को 20 हजार रुपये देने की तैयारी? दिसंबर में आ सकती है बड़ी योजना
यूपी में सीट बंटवारे पर सपा-कांग्रेस में खींचतान! 23 नवंबर से दिल्ली में शुरू होगा बड़ा मंथन