)
टोंक जिले की पंचायत समिति पीपलू के वार्ड नंबर-2 में करीब 50 रोड लाइटें हटाए जाने के बाद ग्रामीणों ने विरोध जताया है. ग्रामीणों का आरोप है कि ये लाइटें दीपावली से पहले मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए लगाई गई थीं. उनका कहना है कि पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ रहीं प्रियंका शर्मा के हारने के कुछ घंटे बाद बिजली निगम की टीम लाइटें खोलकर ले गई.
दीपावली से पहले लगाई गई थीं लाइटें
ग्रामीणों के मुताबिक, निवाई विधायक रामसहाय वर्मा के पीए की पत्नी प्रियंका शर्मा वार्ड नंबर-2 से पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ रही थीं. आरोप है कि चुनाव से पहले दीपावली पर गांवों और ढाणियों में करीब 50 रोड लाइटें लगवाई गई थीं. इससे लोगों को अंधेरे से राहत मिली थी और ग्रामीणों ने उस समय इस पहल की सराहना भी की थी.
वार्ड पंच कजोड़ प्रजापत ने बताया कि लोगों को उम्मीद थी कि रोड लाइटें लगी रहेंगी और रात के समय रास्तों पर रोशनी रहेगी. चुनाव परिणाम आने के बाद घटनाक्रम बदल गया. उनके अनुसार, प्रियंका शर्मा चुनाव हार गईं और इसके कुछ घंटे बाद शुक्रवार शाम बिजली निगम पीपलू की गाड़ी गांव पहुंची. टीम ने रोड लाइटें उतारीं और उन्हें गाड़ी में रखकर ले गई.
अवैध बताकर हटाने की बात
कजोड़ प्रजापत के अनुसार, ग्रामीणों ने लाइटें हटाने का विरोध किया तो बिजली निगम की ओर से बताया गया कि ये लाइटें अवैध रूप से लगाई गई थीं. ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिनों तक रोशनी मिलने के बाद अब फिर अंधेरा हो गया है. उनका कहना है कि यह व्यवस्था 'चार दिन की चांदनी, फिर अंधेरी रात' जैसी साबित हुई.
निगम ने दी कार्रवाई की जानकारी
बिजली निगम पीपलू के एईएन गोवर्धन चौधरी ने कहा कि जिन-जिन स्थानों पर अवैध रूप से लाइटें लगाई गई हैं, वहां विभाग की गाड़ी भेजकर उन्हें हटाया जाएगा.
ग्रामीणों ने उठाए सवाल
ग्रामीणों ने कहा कि लाइटें हटाने से पहले उन्हें कोई सूचना नहीं दी गई. ग्रामीणों ने सवाल किया कि जब ये रोड लाइटें लगाई जा रही थीं, तब बिजली निगम ने कार्रवाई क्यों नहीं की. उन्होंने यह भी पूछा कि कार्रवाई किसके इशारे पर की गई. ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी लाइटें अन्य जगहों पर भी लगी हुई हैं. ऐसे में उनका सवाल है कि क्या वहां भी इसी तरह कार्रवाई होगी. फिलहाल करीब 50 लाइटें हटाए जाने को लेकर ग्रामीणों का विरोध जारी है.
Reporter- BHUPENDAR SINGH SOLANKI