)
मोहम्मद गुफरान/प्रयागराज: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बाद संगम नगरी प्रयागराज में रविवार को केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी जेन जी स्टाइल में युवाओं को संबोधित किया. परेड मैदान में चिराग पासवान ने हजारों की संख्या में पहुंचे युवाओं की समस्याओं को लेकर अपनी बातें रखीं. चिराग पासवान ने साफ शब्दों में कहा कि जब देश में तमाम आयोग हैं तो फिर युवा आयोग क्यों नहीं है, बिहार की तर्ज पर देशभर में युवा आयोग के गठन की उन्होंने मांग की.
युवाओं को अपनी बात रखने का अवसर नहीं मिलता
इस दौरान चिराग पासवान ने कहा कि हमें युवाओं को ऐसा मंच देना चाहिए, जहां पर आकर युवा अपनी चिंताओं और अपनी बातों के साथ अपने सुझाव और आक्रोश को साझा कर सकें. चिराग पासवान ने कहा कि यह अक्सर देखा गया है कि जब बातों को रखने का अवसर नहीं दिया जाता, तब आक्रोश बढ़ता है, ज्वालामुखी तब बनता है जब ज्वलंत पदार्थ को निकलने का मौका नहीं मिलता है.
युवाओं का बड़ा भाई बनकर आपके बीच आया हूं
चिराग पासवान ने कहा है लोकजनशक्ति पार्टी ने "यूथ बोले तो" प्लेटफार्म भी इसी सोच के साथ तैयार किया है कि हर युवा को अपनी बात रखने का अवसर दिया जाए. चिराग पासवान ने कहा है कि यूथ के हर शिकायत और आक्रोश को हम सुनकर ही उसका समाधान तलाश कर सकते हैं. चिराग पासवान ने कहा कि आज हम यहां केंद्रीय मंत्री की हैसियत से नहीं बल्कि युवाओं का बड़ा भाई बनकर उनके बीच आया था. लंबे समय से नेशनल यूथ कमीशन की मांग हमारी तरफ से की जा रही है. देश में सबसे बड़ी आबादी युवाओं की है. इसलिए हमारी योजना जाति पात और धर्म से हटकर युवाओं को एक मंच और प्लेटफॉर्म देने की है. ताकि युवा अपनी बातों को रख सकें और संवाद स्थापित हो सके.
भर्ती परीक्षाओं का मुद्दा उठाया
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भर्ती परीक्षाओं में देरी और परीक्षाओं के रद्द होने के चलते युवाओं में बढ़ते आक्रोश के सवाल पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी. चिराग पासवान ने कहा कि हमारी यह मांग है कि अगर कोई परीक्षा रद्द होने के बाद दोबारा होती है तो परीक्षार्थी से दोबारा कोई शुल्क न लिया जाए. यहां तक आने जाने का पूरा खर्च भी सरकार को फ्री कर देना चाहिए, ताकि यूथ को कोई असुविधा और दिक्कत न होने पाए. चिराग पासवान ने कहा कि युवा जब अपने अधिकारों के साथ आगे बढ़ेंगे तो विभागों की भी जिम्मेदारी और जवाबदेही हम लोग तय कर पाएंगे.
2027 चुनाव की तैयारियां जोरों पर
वहीं, 2027 में यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भी चिराग पासवान ने अपने इरादे साफ कर दिए हैं. उन्होने कहा कि लोकजनशक्ति पार्टी रामविलास यूपी में विधानसभा चुनाव हर कीमत पर लड़ेगी, इसकी तैयारियां भी की जा रहीं हैं. पहले भी लोजपा यूपी में चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुकी है. लोजपा ने यूपी की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है. इसके लिए तैयारी भी जोर कर दी है.