शराब बनी काल? एटा में संदिग्ध परिस्थितियों में तीन युवकों की मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेंगी राज
एटा में संदिग्ध परिस्थितियों में तीन युवकों की मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि शराब पीने के बाद तीनों युवकों की हालत बिगड़ी. जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
उत्तर प्रदेश के एटा जिले के थाना निधौली कलां क्षेत्र के किशोरपुर गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब संदिग्ध परिस्थितियों में तीन युवकों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि शराब पीने के बाद इनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. तीनों युवक समर के पास संदिग्ध हालत में पड़े हुए थे.
युवकों की मौत से क्षेत्र में मचा हड़कंप
जब ग्रामीणों ने उनकी गंभीर हालत देखी, तो आनन-फानन में उन्हें एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
मौत का असली कारण अभी स्पष्ट नहीं-पुलिस
पुलिस का कहना है कि मौत का असली कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. विसरा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है. सिंटू कुमार, जीतू और अजीत के रूप में मृतकों की पहचान हुई है. तीनों अलग-अलग परिवारों से ताल्लुक रखते थे. मृतकों में शिवा कुमार स्टूडेंट था, जबकि जीतू शादीशुदा था और उसका करीब दो महीने का बच्चा है. तीसरा युवक अजीत बाहर नौकरी करता था.
क्या बोले एसएसपी?
एसएसपी डॉ. इलामारन जी का कहना है कि बुधवार शाम करीब छह बजे जिला अस्पताल से सूचना मिली कि थाना निधौली कलां क्षेत्र के किशोरपुर गांव के तीन युवकों को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया है, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना पर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. जांच में पता चला कि तीनों युवक दोपहर करीब ढाई से तीन बजे गांव में एक स्थान पर बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे.
शराब के ओवरडोज की आशंका पर जांच
उनका कहना है कि आशंका है कि शराब के साथ किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन भी किया गया हो, जिससे रिएक्शन हुआ हो. शराब के ओवरडोज की आशंका को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. बरामद शराब को सील कर जांच के लिए भेजा गया है.
एसएसपी डॉ. इलामारन जी के मुताबिक, खाद्य पदार्थों की भी जांच कराई जा रही है. संबंधित शराब की दुकान को सील करने की कार्रवाई आबकारी विभाग द्वारा की जा रही है. तीनों शवों का डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और विसरा सुरक्षित रखा जाएगा.
(एटा से हर्ष द्विवेदी की रिपोर्ट)
यह भी पढ़िए: चौरी चौरा एक्सप्रेस के 4 डिब्बे पटरी से उतरे: कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों में मचा हड़कंप