)
प्रवीण पांडेय/कानपुर: यूपी के कानपुर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. थाईलैंड से आई एक युवती ने इरफान नाम के युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं. युवती का आरोप है कि इरफान ने शादी के नाम पर करीब 60 लाख रुपये ठग लिए. इतना ही नहीं आरोप है कि इरफान ने धर्म परिवर्तन के लिए भी दबाव बनाया. युवती ने कानपुर पुलिस से शिकायत की है. पुलिस जांच कर रही है.
थाईलैंड की युवती कानपुर पहुंचीं
एडीसीपी दफ्तर पहुंची थाईलैंड की एक युवती ने इरफान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. युवती का आरोप है कि इरफान पहले से शादीशुदा है. उसके तीन बच्चे भी हैं. आरोप है कि इरफान ने खुद को अविवाहित बताकर उससे शादी करने की इच्छा जाहिर की. युवती ने बताया कि शादी के नाम पर इरफान ने 60 लाख रुपये भी ठग लिए. दोनों ने थाईलैंड में शादी भी कर ली है. जब इरफान के बारे में पता चला तो युवती ने अपने पैसों की मांग करने लगी.
धर्म परिवर्तन का दबाव
आरोप है कि जब युवती ने अपने पैसे वापस मांगे तो उस पर धर्म परिवर्तन करने और बुर्का पहनने का दबाव बनाया गया. युवती के मुताबिक, उसे कथित तौर पर कहा गया कि धर्म परिवर्तन के बाद ही रकम वापस की जाएगी. मामले में एक और गंभीर दावा सामने आया है. युवती का आरोप है कि इरफान की शादी करीब 12 साल पहले हो चुकी थी. इसके बावजूद उसने थाईलैंड जाकर युवती से शादी कर ली.
60 लाख रुपये ठग लिए
धर्म परिवर्तन के दबाव, कथित 60 लाख की ठगी और पहले से शादीशुदा होने के आरोपों ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है. पुलिस अब शादी से जुड़े दस्तावेज, पैसों के लेन-देन और धर्म परिवर्तन के दबाव के आरोपों की जांच कर रही है. पीड़िता ने बताया कि मैं इरफान को अपना पति मानती हूं, उसने पिछले दो सालों में मुझसे पैसे लिए थे. मुझे बस अपने पैसे वापस चाहिए. बीते दिनों मैं उसके घर गई और मुझे पता चला कि उसने शादी कर रखी है. उसने मुझसे झूठ बोला.
इंस्टाग्राम पर हुई मुलाकात
वहीं, एडीसीपी शिवा सिंह ने कहा, 6 अक्टूबर को एक थाईलैंड की सिटीजन ऑफिस में आई थीं. युवती की कानपुर के रहने वाले इरफान नाम के युवक से इंस्टाग्राम पर मुलाकात हुई. उसके द्वारा झूठे तथ्य बताकर पहले शादी की, जिससे इंस्टाग्राम पर इनकी बातचीत शुरू हुई और युवती से लगभग 60 लाख रुपये भी ले लिए. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. आरोपी युवकी तलाश की जा रही है.