जान सस्ती, तेल महंगा: आगरा हाईवे पर टक्कर के बाद टैंकर का टैंक फटा, सड़क पर बहने लगा पेट्रोल-डीजल तो मची लूट
Agra Highway Tanker Accident: आगरा के एत्मादपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया. इंडियन ऑयल डिपो से फिरोजाबाद जा रहे पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर को फतेह सिंह की पुलिया के पास एक ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में टैंकर का टैंक फट गया और करीब 12 हजार लीटर ईंधन हाईवे पर बहने लगा. जिसे लूटने के लिए लोगों में होड़ मच गई.
Agra Firozabad Highway Tanker Accident/ कपिल अग्रवाल: आगरा के एत्मादपुर थाना क्षेत्र के फतेह सिंह की पुलिया के पास शनिवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पेट्रोल-डीजल से भरा टैंकर तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से दुर्घटनाग्रस्त हो गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि टैंकर का टैंक फट गया. इसके बाद हाईवे पर हजारों लीटर ज्वलनशील ईंधन पानी की तरह बहने लगा.
जान की परवाह किए बिना उमड़ी भीड़
टैंकर के परिचालक शिवदत्त के मुताबिक, टैंकर एत्मादपुर के इंडियन ऑयल डिपो से निकला था और फिरोजाबाद के रसूलाबाद की ओर जा रहा था. टैंकर में 3 हजार लीटर पेट्रोल और 9 हजार लीटर डीजल यानी कुल 12 हजार लीटर ईंधन लोड था. जैसे ही टैंकर फतेह सिंह की पुलिया के पास पहुंचा, विपरीत दिशा से आ रहे ट्रेलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी.
3 से 4 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान
टैंक फटते ही सड़क पर पेट्रोल-डीजल की धार बह निकली. हादसे की खबर आग की तरह फैली और आसपास के ग्रामीण अपने घरों से डिब्बे, बाल्टियां, बोतलें और कैन लेकर बहते तेल को लूटने के लिए दौड़ पड़े. सड़क पर तेल भरने की ऐसी होड़ मची कि लोग अपनी जान के जोखिम और आग लगने के खतरे को भी भूल गए. इस पूरे घटनाक्रम में करीब 3 से 4 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया जा रहा है.
पुलिस ने संभाला मोर्चा, टला बड़ा हादसा
सड़क पर फैले पेट्रोल और डीजल के कारण हाईवे पर किसी भी क्षण चिंगारी से भीषण आग लगने का भयानक खतरा पैदा हो गया था. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सबसे पहले तेल लूट रही बेकाबू भीड़ को खदेड़कर दूर किया. इसके बाद क्रेन बुलवाकर क्षतिग्रस्त टैंकर को सड़क के बीच से हटवाया गया. गनीमत रही कि इस भीषण हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी त्रासदी टल गई.
तेल के लालच में दांव पर लगाई जिंदगी
हाईवे पर बिखरा पेट्रोल-डीजल और उस पर उमड़ी बेकाबू भीड़ यह बताने के लिए काफी है कि लोग चंद रुपयों के तेल के लालच में अपनी जिंदगी तक दांव पर लगाने से नहीं हिचकिचाते. पुलिस की सूझबूझ और तत्परता ने समय रहते हाईवे को खाली करा लिया, वरना एक छोटी सी चिंगारी भी पूरे इलाके को बड़े अग्निकांड में तब्दील कर सकती थी.
यह भी पढ़िए: आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर भीषण हादसा, कंटेनर और डंपर में भिड़ंत के बाद लगी आग; दो जिंदा जले