)
कपिल अग्रवाल, आगरा: अलीगढ़ हाईवे पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया. थाना खंदौली क्षेत्र में कंटेनर और डंपर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई. हादसे में कंटेनर में सवार दो लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान एक बाइक भी इसकी चपेट में आ गई. बाइक सवार दो लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है. वहीं, कंटेनर चालक भी घायल हुआ है, हालांकि उसकी हालत मामूली बताई जा रही है.
टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी
दोनों वाहनों की भिड़ंत के बाद अचानक आग की लपटें उठने लगीं. आग लगते ही हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को घटना की सूचना दी गई. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में दोनों वाहन आग की चपेट में आ गए.
मौके पर पहुंची दमकल
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग बुझने के बाद वाहनों की जांच की गई, जिसमें दो लोगों के जिंदा जलने की पुष्टि हुई.
बाइक की वजह से हादसा होने की बात
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे की वजह बाइक को बताया जा रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों और कंटेनर चालक से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. हादसे के कारण कुछ समय के लिए आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा.
पुलिस की कार्रवाई और यातायात बहाल
आग बुझने के बाद पुलिस ने दोनों जली हुई लाशों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मृतकों की शिनाख्त कराने और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी है. हादसे के कारण काफी देर तक बाधित रहे आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया.
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़ी डबल डेकर बस में ट्रक की टक्कर, दो चालकों की मौत
बाराबंकी में सुबेहा थाना क्षेत्र में आज सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी डबल डेकर बस में पीछे से टक्कर मार दी. हादसे में बस के दोनों चालकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार यात्री घायल हुए. इनमें तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें तिलोई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया.
कहां हुआ हादसा?
हादसा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 52.7 पर सुबह करीब पांच बजे हुआ. दिल्ली से बिहार जा रही बस में करीब 80 यात्री सवार थे. बस खड़ी कर दोनों चालक पीछे के टायर की जांच कर रहे थे, तभी ट्रक ने टक्कर मार दी. मृतकों की पहचान अक्षय कुमार यादव (25), निवासी जठीय, मधुबनी और बीरचंद्र राय (45), निवासी करहरिया बुजुर्ग, गुरौल, बिहार के रूप में हुई.
घायलों में राहुल मंडल (24), निवासी डेडवा, अररिया; अजय कुमार बिंद (24), निवासी परसौनी, गोपालगंज; मदन कुमार (40), निवासी छत्तापुर, सुपौल और डब्लू (30), निवासी परसौली, गोपालगंज शामिल हैं. राहुल, अजय और मदन को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जबकि डब्लू को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर अफरा-तफरी रही.