)
अनूप प्रताप सिंह/अंबेडकरनगर: गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया. जैतपुर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के करीब 85 किलोमीटर के पास वोल्वो बस और ट्रेलर की जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में बस सवार चार यात्रियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.
सीएम योगी ने हादसे पर दुख जताया है. मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवार के साथ शोक संवेदना व्यक्त की है. घायलों के उचित इलाज के निर्देश सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए हैं.
ड्राइवर को झपकी आने से हुआ हादसा
घटना शुक्रवार (2 अक्टूबर) सुबह करीब 5:15 बजे की है. 'तेघड़ा एक्सप्रेस' की वोल्वो बस दिल्ली से बिहार के दरभंगा जा रही थी. जैतपुर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के 85वें किलोमीटर के पास अचानक ड्राइवर को झपकी आ गई, जिससे बस अनियंत्रित होकर किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और बाएं तरफ बैठे यात्री उछलकर सड़क पर गिर पड़े.
राहत और बचाव कार्य
हादसे के बाद चीख-पुकार मचते ही स्थानीय ग्रामीण मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी. यूपी 112 और जैतपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला.
सीएचसी में मौत घोषित
घायलों को तत्काल सीएचसी नगपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 4 यात्रियों को मृत घोषित कर दिया. 3 गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए अंबेडकरनगर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है.
शवों को भेजा गया पोस्टमार्टम
सभी मृतक और घायल बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
अपर पुलिस अधीक्षक का बयान
अपर पुलिस अधीक्षक ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया: "सुबह लगभग 5:30 बजे 112 के जरिए सूचना मिली थी कि जैतपुर क्षेत्र में वोल्वो बस और ट्रक की टक्कर हुई है। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कराया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सुबह 5:15 बजे ड्राइवर को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।"
हापुड़: दिल्ली से नैनीताल जा रही श्रद्धालुओं की ट्रैवलर पलटी
दिल्ली से नैनीताल जा रही श्रद्धालुओं की ट्रैवलर पलट गई. ये हादसा रामपुर अंडरपास फ्लाईओवर पर हुआ. सभी नीम करोली बाबा के दर्शन को जा रहे थे. महिलाएं और बच्चे सहित सात श्रद्धालु घायल हो गए हैं. सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि ड्राइवर को नींद की झपकी आने से ये हादसा हुआ.