हाथ में टैटू, गले में हार... लॉरेंस बिश्नोई की ‘पत्नी’ बनकर दे रही थी धमकी, शामली पुलिस ने दबोचा
Shamli News: शामली में अंकित बालियान हत्याकांड के बाद खुद को लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बताकर धमकी देने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
श्रवण पंडित/शामली: शामली पुलिस के हाथ बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने राजस्थान से लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बताने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है. उक्त महिला अंकित बालियान हत्याकांड के मामले में वीडियो वायरल होने पर यूट्यूबर को और अखिल भारतीय जाट महासभा के युवा जिला अध्यक्ष को जान से मारने की धमकी दे रही थी. आरोपी महिला का कहना है कि वह 8 साल पहले तलाक लेकर दूसरी शादी एक तरफा प्यार करते हुए लॉरेंस बिश्नोई के साथ की है.
जयपुर से महिला गिरफ्तार
26 अगस्त को हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के मामले में शुरू में लॉरेंस बिश्नोई का नाम सामने आया था. वहीं, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए अखिल भारतीय जाट महासभा के युवा जिला अध्यक्ष मुकुल चौधरी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था. इसके बाद यूट्यूब संचालक व मुकुल चौधरी को राजस्थान के जयपुर के विजयनगर करतारपुर की रहने वाली बिंदु देवी पत्नी नंदूजी ने जान से मारने की धमकी दी. खुद को लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बताया. इसके बाद गढ़ी पुख्ता थाने में महिला के खिलाफ मुकुल चौधरी ने मुकदमा दर्ज करवाया.
8 साल पहले पति से तलाक हो गया
गढ़ी पुख्ता थाना पुलिस व साइबर क्राइम की संयुक्त कार्रवाई करते हुए जयपुर से बिंदुदेवी को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, पुलिस जांच पड़ताल में सामने आया कि उक्त महिला 12 साल पहले अपने पति के साथ जयपुर आई थी. 8 साल पहले पति से तलाक ले लिया था. घटना के बाद वह एक तरफा लॉरेंस बिश्नोई से प्यार करते हुए उसे अपना पति मान लिया था. उक्त महिला ने अपने हाथ पर लॉरेंस बिश्नोई का टैटू खुदवाया हुआ है और गले में लॉरेंस बिश्नोई के नाम का हार पहना हुआ है.
लॉरेंस बिश्नोई से कभी नहीं मिली
पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि स्थानीय नेता और यूट्यूब की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जो कि एक तरफ अपने आप को लॉरेंस बिश्नोई से प्यार करते हुए पत्नी बताती है और लॉरेंस बिश्नोई के बारे में गलत बोलने पर भी लड़ने को तैयार हो जाती है. पुलिस हिरासत में महिला ने बताया कि वह लॉरेंस बिश्नोई से ना तो कभी मिली है और ना ही कभी फोन पर बात हुई है और वह उसे अपना पति मानती है.