अयोध्या से जनकपुर तक सीधी ट्रेन: 19 घंटे में पूरी होगी यात्रा, PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी
अयोध्या से नेपाल के जनकपुर तक सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन 28 नवंबर से शुरू होगी. 604 किलोमीटर की इस यात्रा को पूरा करने में करीब 19 घंटे लगेंगे. ट्रेन का शुभारंभ 23 नवंबर को किया जाएगा.
अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच जल्द ही सीधी रेल सेवा शुरू होने जा रही है. सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ 23 नवंबर को अयोध्या से किया जाएगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. वहीं, अयोध्या में होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के शामिल होने की संभावना है. इस ट्रेन के शुरू होने से श्रद्धालु बिना ट्रेन बदले सीधे अयोध्या से जनकपुर धाम तक सफर कर सकेंगे.
अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है, जबकि नेपाल का जनकपुर माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है. दोनों धार्मिक स्थलों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से भारत और नेपाल के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूती मिलेगी. सरयू-कमला एक्सप्रेस से करीब 604 किलोमीटर का सफर लगभग 19 घंटे में पूरा किया जा सकेगा.
यह भी पढ़ेंः 17 दिन में जारी हुआ यूपी स्पेशल TET का रिजल्ट, आधे से ज्यादा शिक्षक फेल, 39 हजार सफल; प्रमाण-पत्र भी जारी
28 नवंबर से आम यात्रियों के लिए शुरू होगी ट्रेन
सरयू-कमला एक्सप्रेस का उद्घाटन 23 नवंबर को होगा, जबकि आम यात्री 28 नवंबर से इसमें सफर कर सकेंगे. यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन संचालित होगी. अयोध्या कैंट से हर सोमवार और जनकपुर धाम से हर शनिवार को ट्रेन चलेगी. ट्रेन संख्या 15596 सोमवार शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होगी. यह अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर होते हुए मंगलवार दोपहर 12:40 बजे नेपाली समय के अनुसार जनकपुर धाम पहुंचेगी.
वापसी में ट्रेन संख्या 15595 शनिवार दोपहर 1:10 बजे नेपाली समय के अनुसार जनकपुर धाम से रवाना होगी. यह जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम होते हुए रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी.
17 कोच के आधुनिक LHB रैक से चलेगी ट्रेन
सरयू-कमला एक्सप्रेस का संचालन 17 कोच वाले आधुनिक LHB रैक से किया जाएगा. ट्रेन में 8 एसी कोच और 7 स्लीपर कोच होंगे. इसके अलावा एक LSLRD और एक LWL RRM कोच लगाया जाएगा. एसी सेकंड क्लास के दो कोच में 52-52 बर्थ होंगी. वहीं, एसी थर्ड क्लास के तीन कोच में 72-72 बर्थ और एसी थर्ड इकोनॉमी के तीन कोच में 80-80 बर्थ की सुविधा होगी. ट्रेन के सातों स्लीपर कोच में 80-80 बर्थ रहेंगी. LSLRD कोच में 38 सीटें होंगी। इसके अलावा एक कोच का इस्तेमाल बिजली उत्पादन के लिए किया जाएगा.
यह भी पढ़ेंः IIT की तरह ITI छात्रों को भी मिले सम्मान: कौशल दीक्षांत समारोह में बोले पीएम मोदी, हुनर का महत्व बताया
10 स्टेशनों पर होगा ठहराव
इस ट्रेन को रास्ते में 10 स्टेशनों पर व्यावसायिक ठहराव दिया गया है. इनमें अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर शामिल हैं. इससे उत्तर प्रदेश और बिहार के इन इलाकों के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी.
रामायण सर्किट को मिलेगी रेल कनेक्टिविटी
अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने से रामायण सर्किट को रेल कनेक्टिविटी मिलेगी. अयोध्या भगवान राम की जन्मभूमि है, जबकि जनकपुर माता सीता की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है. दोनों शहरों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं को यात्रा में सुविधा होगी और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. इस रेल संपर्क से उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों को भी लाभ मिल सकता है. यात्रियों के अलावा व्यापारियों और पर्यटकों की आवाजाही आसान होगी. इससे स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की संभावना है. साथ ही भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों को नई मजबूती मिलेगी.
शुभारंभ कार्यक्रम की तैयारियां तेज
ट्रेन के उद्घाटन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं. जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने स्टेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यक्रम में शामिल होने के साथ अयोध्या में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा भी कर सकते हैं. रेलवे अधिकारी भी शुभारंभ कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं. 23 नवंबर को होने वाला शुभारंभ अयोध्या और जनकपुर के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी की शुरुआत करेगा. इसके बाद 28 नवंबर से आम श्रद्धालु और यात्री इस ट्रेन से सफर कर सकेंगे.
Report- Pravesh Kumar