'ये सभी भटके हुए लोग हैं...' संभल में साध्वी प्राची ने सपा को लिया आड़े हाथ, 2027 चुनाव को लेकर भी दिया बड़ा बयान
संभल चौबीस कोसीय परिक्रमा में शामिल होने पहुंची साध्वी प्राची का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि सपा सरकार में संभल का हिंदू डरा रहता था. मुस्लिम इलाकों से परिक्रमा लगाने से हिंदू श्रद्धालु डरते थे. योगी सरकार में परिक्रमा में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है.
उत्तर प्रदेश के संभल जिले में शुक्रवार सुबह से ऐतिहासिक 68 तीर्थ और 19 कूप की चौबीस कोसीय परिक्रमा का आगाज हो गया है. इस धार्मिक यात्रा में साध्वी प्राची भी शामिल हुईं. इस दौरान राजनीतिक बयानबाजी ने माहौल गरमा दिया है. साध्वी प्राची ने पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार और सपा नेताओं के बयानों पर तीखा हमला बोला है.
पिछली सरकारों और वर्तमान शासन की कानून-व्यवस्था की तुलना
परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं के बीच मौजूद साध्वी प्राची ने अपने बयान में पिछली सरकारों और वर्तमान शासन की कानून-व्यवस्था की तुलना की. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल के दौरान संभल का हिंदू समाज डरा रहता था. साध्वी प्राची के अनुसार, उस दौर में मुस्लिम बहुल इलाकों के बीच से परिक्रमा लगाने से हिंदू श्रद्धालु डरते थे.
सख्ती और बेहतर कानून-व्यवस्था का परिणाम
मौजूदा हालात का जिक्र करते हुए साध्वी प्राची ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार में माहौल पूरी तरह बदल चुका है. उनका कहना है कि आज चौबीस कोसीय परिक्रमा में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है और हिंदू समाज बिना किसी भय के उन्हीं मुस्लिम इलाकों के बीच से परिक्रमा कर रहे हैं. उनके अनुसार, यह बदलाव प्रशासनिक सख्ती और बेहतर कानून-व्यवस्था का परिणाम है.
समाजवादी पार्टी के सांसद पर साध्वी का निशाना
इस दौरान साध्वी प्राची ने प्रतापगढ़ से समाजवादी पार्टी के सांसद एस.पी. पटेल के एक हालिया विवादित बयान पर भी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की. सांसद पर पलटवार करते हुए साध्वी प्राची ने कहा कि सपा सांसद एस.पी. पटेल को मंदिर नहीं जाना चाहिए, बल्कि उन्हें मस्जिद में जाकर नमाज पढ़नी चाहिए. उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा नेताओं के पास जनता से जुड़ा कोई मुद्दा नहीं हैं. ये सभी भटके हुए लोग हैं, जो केवल विवादित बयानों के सहारे राजनीति करना चाहते हैं.
2027 चुनाव को लेकर कही बड़ी बात
आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में संत-साध्वियों की भूमिका से जुड़े एक सवाल के जवाब में साध्वी प्राची ने संत समाज की राजनीतिक भागीदारी की वकालत की. उन्होंने कहा कि राजनीति में संतों को भी उचित सम्मान और प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए. हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस विषय पर अंतिम निर्णय संगठन को ही लेना है और संगठन को इसपर विचार करना चाहिए.
संभल की इस पारंपरिक परिक्रमा में बड़ी संख्या में स्थानीय और बाहरी श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं, वहीं साध्वी प्राची के इन बयानों ने क्षेत्र के धार्मिक आयोजन के साथ-साथ प्रदेश की सियासत में भी नई बहस छेड़ दी है.
(संभल से सुनील सिंह की रिपोर्ट)
यह भी पढ़िए: संभल की 24 कोसीय परिक्रमा में आस्था का महाकुंभ: बुलडोजर से बरसे फूल, 5 लाख श्रद्धालुओं के लिए अभेद्य सुरक्षा घेरा