रामपुर में गैंगवार? गुंडा एक्ट के आरोपी सनी उर्फ सनया पर फायरिंग, CCTV में कैद हुई सनसनीखेज वारदात
Rampur News: रामपुर के बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गांव स्थित शराब के ठेके पर अचानक गोलियां चलने लगीं,बाइक सवार तीन हमलावरों ने शराब के ठेके पर मौजूद सनी उर्फ सनया को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी,बताया जा रहा है कि हमलावरों ने सनी पर करीब छह गोलियां चलाईं,गोली लगने से सनी गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई.
सुरेश दिवाकर/रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र के डिबडिबा स्थित एक शराब के ठेके पर गुरुवार दोपहर दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर बेखौफ बदमाशों ने हिस्ट्रीशीटर सनी उर्फ सनया की हत्या कर दी. इस सनसनीखेज हत्याकांड का CCTV फुटेज भी सामने आ चुका है, जिसमें बाइक सवार हमलावर गोलियां बरसाते दिख रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की,पुलिस ने हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है, फिलहाल हत्या की असली वजह क्या है,यह साफ नहीं हो सकी है.
शराब ठेके पर 6 गोलियां मारकर उतारा मौत के घाट
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, डिबडिबा स्थित शराब के ठेके पर सनी मौजूद था, तभी एक बाइक पर सवार होकर तीन हमलावर वहां पहुंचे. बदमाशों ने बिना संभलने का मौका दिए सनी पर ताबड़तोड़ 6 गोलियां चला दीं. गंभीर रूप से घायल सनी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद तीनों हमलावर बाइक से हवा में पिस्टल लहराते हुए फरार हो गए.
दो दर्जन मुकदमों का आरोपी था मृतक 'सनया'
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक सनी उर्फ सनया मूल रूप से बरेली का रहने वाला था और फिलहाल बिलासपुर के सुभाषनगर (डिबडिबा) में रह रहा था. सनी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है; उस पर करीब दो दर्जन से अधिक गंभीर मामले दर्ज थे. वह गुंडा एक्ट के तहत भी निरुद्ध रह चुका था और पूर्व में रामपुर पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से गिरफ्तार हुआ था.
आपसी रंजिश और पुरानी दुश्मनी के कोण पर जांच
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल के साथ आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे बिलासपुर इलाके में दहशत का माहौल है.
"बिलासपुर कोतवाली के डिबडिबा क्षेत्र में शराब के ठेके पर एक व्यक्ति को गोलियां मारे जाने की सूचना मिली थी, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। घटना से जुड़ा CCTV फुटेज मिला है, जिसके आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।" -अनिल सिसोदिया (पुलिस अधीक्षक, रामपुर).