रामपुर में दिनदहाड़े खूनी वारदात: थाने के पास कारोबारी की 4 गोलियां मारकर हत्या, इलाके में सनसनी
Rampur Crime News: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में बदमाशों के हौसले पूरी तरह बुलंद नजर आ रहे हैं. मिलक खानम थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए कार सवार बदमाशों ने दुकान पर बैठे एक युवा कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी
सुरेश दिवाकर/रामपुर: यूपी के रामपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं, दिनदहाड़े दुकान पर बैठे एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. कार सवार दो बदमाश आए और कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी,चार गोलियां लगने से कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गया,अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी. मृतक नवजोत सिंह रामपुर के टाहकला गांव के रहने वाले थे. वह अपने पिता के इकलौते बेटे थे और कुमारिया कला में वॉशिंग हब की दुकान चलाकर परिवार का सहारा बने हुए थे. नवजोत की हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
थाने से चंद कदमों की दूरी पर वारदात
वारदात को थाने से कुछ ही दूरी पर अंजाम दिया गया,घटना के बाद पुलिस ने बदमाशों का पीछा भी किया,लेकिन आरोपी हाथ नहीं आए, रामपुर में लगातार हो रही गोलीबारी और हत्या की वारदातों ने कानून- व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
कहां का है पूरा मामला?
रामपुर के मिलक खानम थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई, कुमारिया कला में वॉशिंग हब की दुकान चलाने वाले नवजोत सिंह रोज की तरह अपनी दुकान पर बैठे थे. तभी शाम करीब चार बजे कार सवार दो बदमाश वहां पहुंचे. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, बदमाशों ने नवजोत सिंह पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. ताबड़तोड़ फायरिंग में कारोबारी को चार गोलियां लगीं और वह लहूलुहान होकर गिर पड़े. गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे.
आनन- फानन में पुलिस और कारोबारी के परिजनों को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नवजोत सिंह को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया लेकिन गंभीर हालत के चलते उन्हें बचाया नहीं जा सका. डॉक्टरों ने कारोबारी को मृत घोषित कर दिया. उधर वारदात को अंजाम देकर फरार हुए बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस ने पीछा किया, लेकिन फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं.
प्रेम विवाह से जुड़ा एंगल आया सामने
पुलिस की शुरुआती जांच में नवजोत सिंह की निजी जिंदगी से जुड़ा एक पहलू भी सामने आया है. बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले उन्होंने 40 वर्षीय एक महिला से प्रेम विवाह किया था. महिला के पहले पति की करीब तीन साल पहले मौत हो चुकी थी और उसके दो बेटे न्यूजीलैंड में नौकरी करते हैं. हालांकि इस जानकारी के आधार पर हत्या की वजह को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
गौर करने वाली बात ये भी है कि रामपुर में हाल के दिनों में गोलीबारी की घटनाएं लगातार सुर्खियों में हैं. इससे पहले बिलासपुर थाना क्षेत्र के डिबडिबा में शराब के ठेके पर गए एक व्यक्ति की तीन अज्ञात बदमाशों ने छह राउंड फायरिंग कर हत्या कर दी थी. अब मिलक खानम क्षेत्र में कारोबारी की हत्या ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. दिनदहाड़े गोलियां चलना आरोपियों का फरार हो जाना और लोगों में दहशत का माहौल है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार हमलावरों की तलाश की जा रही है. अब देखना होगा कि पुलिस इस हत्याकांड का खुलासा कब तक कर पाती है और कारोबारी की हत्या के पीछे की असली वजह क्या निकलकर सामने आती है.
कोडीन सिरप सिंडिकेट पर STF का शिकंजा: 38 हजार पन्नों की चौथी चार्जशीट, शुभम जायसवाल समेत 4 नए नाम