रामपुर में खूनी खेल! मामूली कहासुनी पर पत्नी का कत्ल, मां के शव के साथ मासूमों को बंद कर भागा पति
उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है. स्वार थाना क्षेत्र के सीतारामपुर गांव में पति-पत्नी के बीच हुई मामूली कहासुनी ने खूनी मोड़ ले लिया. गुस्से में बेकाबू हुए पति ने घर में रखे मसाला पीसने वाले सिल-बट्टे से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी.
सुरेश दिवाकर/रामपुर: रामपुर में पति- पत्नी के बीच हुई मामूली कहासुनी ने ऐसा खौफनाक रूप ले लिया कि एक महिला की जान चली गई. गुस्से में बेकाबू हुए पति ने घर में रखे सिल-बट्टे से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. हमले में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी पति ने अपने ही दो मासूम बच्चों को मां के शव के साथ कमरे में बंद किया और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया. घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी मच गई. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.
कहां का है पूरा मामला?
यह खौफनाक वारदात रामपुर के स्वार थाना क्षेत्र के सीतारामपुर गांव की है. रविवार रात करीब नौ बजे धर्मेंद्र सैनी का अपनी 35 वर्षीय पत्नी रीना सैनी से किसी मामूली बात को लेकर विवाद हो गया. बताया जा रहा है कि देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि धर्मेंद्र अपना आपा खो बैठा. आरोप है कि उसने घर में रखे मसाला पीसने वाले सिल-बट्टे को उठाया और पत्नी के सिर पर एक के बाद एक कई वार कर दिए. हमले में रीना गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई.
पत्नी की हत्या के बाद भी आरोपी का गुस्सा यहीं नहीं थमा. आरोप है कि धर्मेंद्र ने पत्नी के लहूलुहान शव और अपने दोनों बच्चों को कमरे में बंद किया और बाहर से ताला लगाकर मौके से फरार हो गया. इसके बाद आरोपी ने गांव में ही एक दुकानदार को घटना की जानकारी दी और वहां से निकल गया. दुकानदार ने तुरंत इसकी सूचना ग्रामीणों को दी, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
मौके पर पहुंची पुलिस, आरोपी की तलाश जारी
ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी,जानकारी मिलते ही स्वार कोतवाली प्रभारी अनुपम शर्मा और मसवासी चौकी प्रभारी सोहनपाल सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे. कुछ देर बाद टांडा सीओ पंकज पंत भी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली. कमरे के अंदर महिला का शव मिलने और उसके साथ दो बच्चों के बंद होने की खबर ने हर किसी को झकझोर दिया.
बताया जा रहा है कि आरोपी धर्मेंद्र सैनी गांव की पूर्व प्रधान लक्ष्मी सैनी का भतीजा है,फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है कि आखिर मामूली विवाद ने इतना खूनी रूप कैसे ले लिया. एक तरफ घर में मां का खून से लथपथ शव पड़ा था, दूसरी तरफ उसी कमरे में दो मासूम बच्चे कैद थे. अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल है आखिर मामूली कहासुनी में धर्मेंद्र ने अपनी पत्नी को इतनी बेरहमी से क्यों मार डाला.