'प्रियंका गांधी से हो गई बातचीत...' बगावती सुर दिखा रहे कांग्रेस सांसद राकेश राठौर ने बताया आगे क्या करेंगे?
कांग्रेस सांसद राकेश राठौर ने प्रदेश संगठन और प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि संगठन में संवाद और सभी की भागीदारी जरूरी है. अब उन्होंने बताया कि प्रियंका गांधी से उनकी बातचीत हुई है. राठौर ने पार्टी छोड़ने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि वह पार्टी फोरम पर अपनी बात रख रहे हैं.
यूपी चुनाव की सरगर्मियां बढ़ने के साथ ही पार्टियों के भीतर भी गहमागहमी बढ़ रही है. इन सबके बीच सीतापुर से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर इन दिनों स्टेट कांग्रेस के संगठन और प्रदेश नेतृत्व की कार्यशैली को लेकर सवाल उठा रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया है कि पिछले पांच महीनों से संगठन में उनकी अनदेखी हो रही है. उनका कहना है कि प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने न तो उनसे संवाद किया और न ही संगठन से जुड़े फैसलों में उनकी राय लेने की जरूरत समझी. राठौर ने साफ कहा कि अगर पार्टी उन्हें केवल भीड़ का हिस्सा बनाकर रखना चाहती है तो वह इसके लिए तैयार नहीं हैं.
'पिछड़े वर्गों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं'
असल में राठौर की नाराजगी सिर्फ संवाद की कमी तक सीमित नहीं है. उन्होंने प्रदेश कांग्रेस में सामाजिक प्रतिनिधित्व, पिछड़े और वंचित समुदायों की भागीदारी तथा राहुल गांधी के विचारों को जमीन पर लागू करने के तरीके पर भी सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि राहुल गांधी के कार्यक्रमों में एक ही जाति के लोगों का दबदबा दिखाई देता है, जबकि कमजोर और अति पिछड़े वर्गों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है.
कांग्रेस छोड़ने की अटकलों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा है कि वह पार्टी के साथ हैं और संगठन के भीतर ही अपनी बात रख रहे हैं. इसी मुद्दे पर हमने राकेश राठौर से बातचीत की है.
सवाल- एक तरफ आप पार्टी नेतृत्व और प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की कार्यशैली पर तीखे सवाल उठा रहे हैं, लेकिन दूसरी तरफ डिलिमिटेशन बिल पर आप कांग्रेस के स्टैंड के साथ खड़े दिखते हैं. क्या यह मुद्दा नाराजगी से बड़ा है या आप संसद में पार्टी के साथ अनुशासन दिखाना चाहते हैं?
जवाब- हमारी असहमति कुछ मुद्दों तक सीमित है. हम चाहते हैं कि संगठन में सुधार हो और सकारात्मक तरीके से बातचीत की जाए. राष्ट्रीय महासचिव से हमारी बात हुई है. प्रियंका गांधी से भी बातचीत हुई है. जल्द ही आगे भी इस पर चर्चा होगी. हम पूरी तरह पार्टी के साथ हैं. महिला आरक्षण हम चाहते हैं और इस मुद्दे पर पार्टी में बैठकें भी हो रही हैं.
सवाल- महिला आरक्षण को लेकर आपकी क्या प्राथमिकता है? क्या आप इसमें आपकी कोई विशेष मांग है या मौजूदा स्वरूप में इसके लागू होने के पक्ष में हैं?
जवाब- हमारी पार्टी हमेशा से महिला आरक्षण के पक्ष में रही है, लेकिन अभी सरकार की मंशा ठीक नहीं लग रही है. इस मुद्दे पर हम बैठक कर रहे हैं और जल्द ही पार्टी की ओर से फैसला लिया जाएगा.
सवाल- महिला आरक्षण की बहस के बीच क्या उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और उसके संभावित गठबंधन में महिलाओं को पर्याप्त टिकट मिलने की संभावना आप देखते हैं?
जवाब- कांग्रेस ही वह पार्टी है जो महिलाओं को आगे बढ़ा सकती है और आगे बढ़ाएगी भी. ऐसे में महिलाओं को चुनाव में भरपूर भागीदारी दी जाएगी.
सवाल- आपने कहा हैं कि प्रदेश प्रभारी ने पांच महीनों में पांच मिनट का समय नहीं दिया और सांसदों को 'संगठन सृजन' जैसी कवायद से बाहर रखा गया. क्या आपको लगता है कि यूपी कांग्रेस में जमीनी नेताओं की बजाय चुनिंदा चेहरों के हाथों में कमान जा रही है?
जवाब- संगठन सृजन के नाम पर यहां क्या हो रहा है? बाहर से लोग आते हैं, यहां खाते-पीते हैं और मस्त रहते हैं. आप 27 करोड़ की आबादी वाले प्रदेश को कवर करने आए हैं तो आपको सभी लोगों से बात करनी चाहिए. आप ऐसे ही किसी को जिम्मेदारी दे देते हैं. यह भी नहीं देखते कि वह कौन है, सभासद है या नहीं, उसकी पृष्ठभूमि क्या है. संगठन में जिम्मेदारी देने से पहले लोगों के बारे में जानकारी होनी चाहिए और सभी से बातचीत करनी चाहिए.
सवाल- पार्टी अध्यक्ष के कार्यक्रम में न जाने और 'भीड़ का हिस्सा न बनने' वाले बयान से क्या यह संदेश नहीं जाता कि आप शीर्ष नेतृत्व को भी अपनी नाराजगी दिखाना चाहते थे?
जवाब- हमने अपनी बात राष्ट्रीय महासचिव के सामने रख दी है. इसे नाराजगी का नाम देना ठीक नहीं होगा. हम अपनी बात रख रहे हैं और चाहते हैं कि उस पर सकारात्मक तरीके से विचार किया जाए.
सवाल- आप कह रहे हैं कि पार्टी नहीं छोड़ेंगे और किसी अन्य दल में जाने का इरादा नहीं है. फिर आपकी क्या रणनीति है, क्या यह टिकट या भूमिका को लेकर दबाव बनाने की कोशिश है?
जवाब- कोई दबाव बनाने की कोशिश नहीं है. कुछ बातें हैं, जिन्हें हमने पार्टी फोरम पर भी रखा है. 30 तारीख को नेतृत्व के साथ हमारी बैठक है. वहां भी हम अपनी बात रखेंगे.
सवाल- क्या आपको लगता है कि सपा गठबंधन को लेकर कांग्रेस की ताकत कम आंक रही है? सपा के साथ कितनी सीटों पर बात फाइनल हो सकती है?
जवाब- यह शीर्ष नेतृत्व को तय करना है.
सवाल- सीतापुर और आसपास की सीटों पर आपकी क्या तैयारी है, और क्या पार्टी के भीतर आपकी अनदेखी का असर आपके क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के मनोबल पर भी पड़ रहा है?
जवाब- हमारी पूरी तैयारी है. हमारे सभी साथी पार्टी के साथ खड़े हैं और एक-एक कार्यकर्ता मजबूती से डटा हुआ है. बात अनदेखी की नहीं है, बल्कि अपनी बात रखने और संगठन में संवाद की है.
इसे भी पढ़ें- UP में सीट शेयरिंग पर इमरान मसूद के तीखे तेवर, कहा-थोपी गई सूची स्वीकार नहीं; डीलिमिटेशन पर भी रखी अपनी बात