CO जियाउल हक हत्याकांड: राजा भैया को कोर्ट से बड़ी राहत, कुंडा में जश्न का माहौल
CO Ziaul Haq Murder Case: प्रतापगढ़ के कुंडा में प्रधान की हत्या के बाद माहौल बिगड़ गया था. तत्कालीन सीओ जियाउल हक माहौल काबू करने पहुंचे थे. भीड़ ने उनकी हत्या कर दी थी.
भूपेंद्र सिंह/प्रतापगढ़: प्रतापगढ़ में बहुचर्चित सीओ जियाउल हक हत्याकांड में कुंडा के बाहुबली विधायक व जनसत्ता के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया को बड़ी राहत मिली है. सीबीआई कोर्ट दोबारा जांच के बाद दाखिल की गई फाइनल रिपोर्ट को स्वीकार करते हुए राजा भैया के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की मांग को खारिज कर दिया है. वहीं, राजा भैया को राहत मिलने पर प्रताप सदन कोठी में जश्न मनाया गया.
जियाउल हक की पत्नी ने की थी दोबारा जांच की मांग
मृतक सीओ जियाउल हक की पत्नी परवीन आजाद की ओर से मामले में दोबारा जांच की मांग की गई थी. इसके बाद सीबीआई ने दोबारा जांच शुरू की. सीबीआई ने नए सिरे से जांच कर फाइनल रिपोर्ट सौंपी. सीबीआई ने फाइनल रिपोर्ट में बताया कि राजा भैया के खिलाफ केस चलाने के लिए कोई पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिले. इसके बाद लखनऊ की स्पेशल सीबीआई कोर्ट ने राजा भैया को बड़ी राहत दी. कोर्ट ने माना कि राजा भैया के खिलाफ केस को आगे बढ़ाने का कोई ठोस आधार नहीं है.
दोबारा जांच में राजा भैया के खिलाफ नहीं मिले पर्याप्त साक्ष्य
सीबीआई कोर्ट ने दोबारा राजा भैया के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की मांग को खारिज कर दिया. इसके बाद राजा भैया के समर्थकों में जश्न का माहौल है. प्रताप सदन कोठी में सत्यमेव जयते का नारा गूंजा. इतना ही नहीं समर्थकों ने प्रताप सदन कोठी में पटाखे फोड़े. और मिठाई खिला कर सीबीआई की न्यायिक राहत का जश्न मनाया. जनसत्ता दल के युवा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष दिनेश तिवारी ने कहा कि आज हमारे लिए जश्न का दिन है. कोर्ट ने भी क्लोजर रिपोर्ट स्वीकार कर ली है.
प्रधान की हत्या के बाद भीड़ को काबू में करने पहुंचे थे सीओ
बता दें कि 2 मार्च 2013 को कुंडा के बलीपुर में प्रधान नन्हे यादव की हत्या कर दी गई थी. इसके बाद माहौल बिगड़ गया था. माहौल को काबू में करने के लिए तत्कालीन सीओ जियाउल हक भी मौके पर पहुंच गए थे. भीड़ ने सीओ जियाउल हक की हत्या कर दी थी. इस हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया था. मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी. शुरुआती जांच में सीबीआई ने राजा भैया को क्लीन चिट दे दी थी.