App

Explainer: एक सीट, एक परिवार और दशकों का दबदबा... रामपुर खास में कैसे चलता है 'तिवारी परिवार' का सिक्का?

Rampur Khas Vidhan Sabha Seat History: प्रतापगढ़ की रामपुर खास सीट पर प्रमोद तिवारी 38 साल विधायक रहे. तीन बार से उनकी बेटी आराधना मिश्रा मोना विधायक रहीं. तिवारी परिवार और रामपुर खास सीट का खास कनेक्शन है.

Explainer: एक सीट, एक परिवार और दशकों का दबदबा... रामपुर खास में कैसे चलता है 'तिवारी परिवार' का सिक्का?
Image Credit: Pramod Tiwari and Aradhana Mishra

Rampur Khas Vidhan Sabha Seat Pramod Tiwari Connection: यूपी की सियासत में कुछ विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जहां चुनाव सिर्फ एक उम्मीदवार का नहीं, बल्कि पूरे परिवार की राजनीतिक विरासत का सवाल बन जाता है. प्रतापगढ़ की रामपुर खास सीट भी ऐसी ही कहानी कहती है. करीब चार दशक तक इस सीट पर कांग्रेस के सांसद प्रमोद तिवारी का दबदबा रहा और फिर उनकी राजनीतिक विरासत बेटी आराधना मिश्रा मोना तक पहुंची. आराधना मिश्रा अब इसी सीट से लगातार 3 बार विधायक हैं और कांग्रेस ने उन्हें यूपी की कमान भी सौंप दी है. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर रामपुर खास सीट तिवारी परिवार के लिए इतनी खास क्यों है? इस सीट ने प्रमोद तिवारी को क्या दिया?. आराधना मिश्रा के लिए इसकी क्या अहमियत है? आइए, रामपुर खास की पूरी सियासी कहानी समझते हैं....

रामपुर खास सीट का इतिहास 
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जनपद में 5 विधानसभा सीटें हैं. इन्हीं में से एक सीट है रामपुर खास. रामपुर खास सीट 1976 के परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई. साल 1980 में यहां पहली बार चुनाव हुए. 1980 से यह सीट कांग्रेस का गढ़ रही है. रामपुर खास सीट ने पहले प्रमोद तिवारी को जिताया अब उनकी बेटी को जिताती आ रही है.​ तिवारी परिवार का गढ़ होने के नाते इस सीट पर अन्य दल भी कम ही दिलचस्पी दिखाते हैं.  

रामपुर खास सीट का असली धुरंधर कौन? 
रामपुर सीट पर 1980 में प्रमोद तिवारी ने जीत दर्ज की, तब से लगातार प्रमोद तिवारी यहां से जीतते रहे. प्रमोद तिवारी यहां से 10 बार विधायक बने. यहां किसी अन्य दल का खाता नहीं खुला. लगातार 9 बार एक विधानसभा क्षेत्र, एक पार्टी और एक चुनाव चिन्ह से जीत दर्ज करने पर प्रमोद तिवारी का नाम गिनीज बुक ऑफ द वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है. करीब 34 साल तक प्रमोद तिवारी का इस सीट पर कब्जा रहा. 2014 में राज्यसभा जाने के बाद प्रमोद तिवारी ने यह सीट बेटी आराधना मिश्रा मोना को सौंप दी. 2012 में एक बार फिर प्रमोद तिवारी विधायक बने. 2014, 2017 और 2022 में मोना ने यहां से जीत दर्ज की.

भाजपा लहर यहां रही बेअसर
साल 2014 में मोदी सरकार बनने के बाद देशभर में भाजपा की लहर थी. भाजपा लहर का भी असर यहां नहीं दिखा. 2014 में प्रमोद तिवारी के राज्यसभा जाने के बाद यहां उपचुनाव हुए. उपचुनाव में प्रमोद तिवारी ने आराधाना मिश्रा मोना की सियासी एंट्री कराई. बीजेपी तिवारी परिवार से इस सीट का छीनने के लिए पूरी ताकत लगा दी, हालांकि, रामपुर खास सीट तिवारी परिवार से अलग नहीं हो सकी. प्रमोद तिवारी की बेटी आराधना मिश्रा ने उपचुनाव में शानदार जीत दर्ज की और कांग्रेस का दबदबा बरकरार रखा.

तिवारी परिवार का इतिहास 
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी का जन्म 16 जुलाई 1951 को प्रतापगढ़ के संग्रामगढ़ गांव में हुआ. उनके पिता पंडित सरयू प्रसाद तिवारी पेशे से वकील थे. उनकी माता का नाम इंद्राणी तिवारी था. प्रमोद तिवारी की मां इंद्राणी संगामगढ़ से आजीवन निर्विरोध ग्राम प्रधान रहीं. प्रमोद तिवारी की पत्नी डॉ. अलका तिवारी प्रयागराज (तब इलाहाबाद) के मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर थीं. प्रमोद तिवारी और अलका तिवारी की दो संतानें हैं. बड़ी बेटी आराधना मिश्रा मोना और छोटी बेटी ​डॉ. विजय श्री सोना.    

परिवार में कौन क्या करता है? 
प्रमोद तिवारी राज्यसभा सांसद हैं. उनकी पत्नी डॉ. अलका तिवारी प्रोफसर थीं. उनका निधन हो गया है. बड़ी बेटी आराधना मिश्रा मोना वर्तमान में रामपुर खास सीट से विधायक हैं. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भी. आराधना मिश्रा के पति अंबिका मिश्रा हैं. वह लखनऊ के अंबालिका इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के चेयरमैन हैं. वहीं, प्रमोद तिवारी की छोटी बेटी डॉ. विजय श्री सोना प्रयागराज ट्रिपलआईटी में प्रोफेसर हैं.  

रामपुर खास सीट का सियासी समीकरण 
रामपुर खास सीट के सियासी समीकरण की बात करें तो यहां हर जाति वर्ग के वोटर हैं. सबसे ज्यादा ब्राह्मण और क्षत्रिय मतदाता हैं. साथ ही पिछड़ी जातियों की संख्या पर्याप्त है. दलित मतदाता हमेशा से निर्णायक भूमिका में रहा है. हालांकि, तिवारी परिवार का असर सभी सियासी समीकरण फेल कर देते हैं. कह सकते हैं कि यहां जातिगत फैक्टर काम नहीं करता. तिवारी परिवार का ही सिक्का चलता रहा है. इसकी एक वजह रामपुर खास का चहुमुंखी विकास भी है.

‘तिवारी मॉडल’ में क्या है खास?
अब सवाल आता है कि आखिर तिवारी परिवार में ऐसा क्या है, जो रामपुर खास सीट पर लगातार जीत रही है. आसान भाषा में असका जवाब तिवारी परिवार को रामपुर खास विधानसभा क्षेत्र की जनता से सीधा संपर्क. कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी और उनकी बेटी आराधना मिश्रा मोना ने विधानसभा क्षेत्र में एक मजबूत और कैडर-रहित व्यक्तिगत नेटवर्क तैयार कर रखा है. क्षेत्र के लोगों से सीधा संवाद भी करते हैं.  

जातिगत समीकरणों से ऊपर हर वर्ग में पकड़
इतना ही नहीं क्षेत्र के लोगों के पारिवारिक कार्यक्रमों (शादी, मुंडन या किसी के निधन) में तिवारी परिवार की उपस्थिति लगभग तय रहती है. इसके अलावा एक और वजह खास मानी जाती है वह है तिवारी परिवार का जातिगत समीकरणों से ऊपर उठकर सर्वसमाज की पकड़. ​उनके परिवार की पकड़ हर वर्ग में है. कह सकते हैं कि प्रमोद तिवारी ने कभी भी केवल एक जाति या वर्ग की राजनीति नहीं की.

2027 चुनाव में असली चुनौती क्या होगी? 
वर्तमान में रामपुर खास सीट से आराधना मिश्रा विधायक हैं. 2014 के उपचुनाव में आराधना मिश्रा लगभग 67 हजार से ज्यादा वोटों से जीती थीं. वहीं, 2017 के चुनाव में जीत का अंतर घटकर 17 हजार के करीब रह गया. वहीं, 2022 में यह आंकड़ा और कम हो गया. 2022 के चुनाव में जीत का अंतर 14 हजार ही रह गया. ये सिर्फ आंकड़े नहीं हैं, यहां बीजेपी का वोट शेयर पिछले 3 सालों में बढ़ा है. 2022 में बीजेपी प्रत्याशी नागेश प्रताप सिंह को 41.49% वोट मिले. यह दिखाता है कि बीजेपी रामपुर खास में लगातार अपनी पकड़ मजबूत कर रही है. इसके अलावा करीब 4 दशक से ज्यादा समय से एक ही परिवार का प्रतिनिधित्व होने के कारण युवा वोटरों में बदलाव की आकांक्षा पनप सकती है. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Amitesh Pandey

Amitesh Pandey

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. अमितेश ने पत्रकारिता की पढ़ाई प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More